Ranchi: तमाड़ में बारातियों से भरी बस में दौड़ा करंट, तीन की मौत, घायलों में कई की हालत बेहद गंभीर

झारखंड
Spread the love

तमाड़। दुखद खबर रांची के तमाड़ से आई है, जहां सरायकेला जिले से आई एक बाराती बस बिजली के तार की चपेट में आ गई। इससे पूरी बस में करंट दौड़ गया। घटना में एक नाबालिग समेत तीन बारातियों की मौत हो गई। पांच अन्य घायल हो गए हैं। इसमें कुछ की हालत बेहद गंभीर बतायी जा रही है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रविवार देर रात की है।

सरायकेला जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के बारूहातू गांव से बाराती बस तमाड़ थाना क्षेत्र के चोगागुटू आ रही थी। गांव में प्रवेश करने से पहले ही बस बिजली के तार के संपर्क में आ गई। बस की छत पर बैठे तीन लोगों की वहीं पर मौत हो गई। पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।

करंट लगने के बाद बस पर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गयी। तत्काल बस को रोककर उस पर सवार लोगों को सुरक्षित उतारा गया। घायल हुए पांच लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को रिम्स रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान दिनेश सिंह मुंडा (36), मुंडा मुंडा (25) और जितेन सिंह मुंडा (12) के रूप में हुई है। घायलों के नाम लंबार मुंडा, शंकर मुंडा, सुभाष मुंडा, उपेन मुंडा और चरण मुंडा हैं। बारातियों ने बताया कि इस दुर्घटना की खबर लड़की वालों को हुई, तो वे भी गमगीन हो गए।

दोनों पक्षों के बड़े-बुजुर्गों ने बैठकर बात की और तय किया कि शादी नहीं रुकनी चाहिए। इसके बाद किसी तरह से शादी संपन्न करायी गयी। लोगों ने बताया कि जिस बस में बाराती आई थी, उस पर 80 से 90 लोग सवार थे। अंदर बस फुल थी। बस की छत पर भी काफी संख्या में लोग बैठे थे।