नीट पेपर लीक मामले का ‘किंगपिंग’ रॉकी गिरफ्तार, जानें अबतक 7 राज्यों से हुईं कितनी गिरफ्तारियां

बिहार अपराध देश
Spread the love

पटना। बड़ी खबर आई है, बिहार में नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी ने मुख्य सरगना राकेश रंजन (रॉकी) को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार किया गया है।

सीबीआई को अदालत से रंजन की 10 दिन की हिरासत मिली है। पटना और कोलकाता में उससे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी के बाद आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार राकेश रंजन उर्फ रॉकी रांची में होटल चलाता है और संजीव मुखिया का भांजा है। पेपर लीक होने के बाद उसे हल करने के लिए रॉकी ने ही सॉल्वर्स का जुगाड़ किया था। रांची और पटना के एमबीबीएस छात्रों का सॉल्वर्स के तौर पर इस्तेमाल किया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, रॉकी दरअसल, संजीव मुखिया का बड़ा राजदार भी है। रॉकी ने नीट पेपर लीक के बाद उसका जवाब तैयार करने के लिए सॉल्वर्स का जुगाड़ किया था। रॉकी, झारखंड में संजीव मुखिया गिरोह का खास एसेट है। रांची और पटना के एमबीबीएस स्टूडेंट्स को सॉल्वर्स के तौर पर इस्तेमाल किया गया।

जानकारी के मुताबिक, रॉकी की गिरफ्तारी के बाद सॉल्वर्स के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। सीबीआई को यह सफलता अमन सिंह की गिरफ्तारी के बाद मिली है। सीबीआई ने अमन को झारखंड के धनबाद से गिरफ्तार किया गया था। अमन सिंह, पेपर लीक कांड में रॉकी का बेहद खास बताया गया है।

अमन सिंह और रॉकी की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई को अब नीट पेपर लीक मामले में संजीव मुखिया उर्फ लूटन की तलाश है। अमन सिंह की गिरफ्तारी के बाद रॉकी की गिरफ्तार हुई और 10 दिन की रिमांड मिली है। रॉकी को रिमांड पर लेने के बाद सीबीआई की टीम अब संजीव मुखिया की लोकेशन को लेकर पूछताछ करेगी।

देशभर में 4 जून के बाद से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन जारी है। केंद्र सरकार ने 22 जून को नीट केस की जांच सीबीआई को सौंप दी। अब तक पेपर लीक केस की जांच 6 राज्यों तक पहुंच चुकी है।

सीबीआई ने बिहार से 3 और झारखंड से 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। गुजरात से भी 4 आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। 7 राज्यों से अब तक 43 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

नीट मामले में गड़बड़ी को लेकर 38 याचिकाओं पर अगली सुनवाई अब 18 जुलाई को होगी। कोर्ट ने केंद्र सरकार और एनटीए के हलफनामे पर याचिकाकर्ताओं को जवाब देने के लिए समय दिया है। चीफ जस्टिस की बेंच ने कहा कि कोर्ट के 8 जुलाई के निर्देश के जवाब में केंद्र और एनटीए ने अपने हलफनामे दायर कर दिए हैं।

हालांकि, बेंच ने ये पाया है कि कुछ याचिकाकर्ताओं को अभी तक केंद्र और एनटीए के हलफनामे नहीं मिल पाए हैं। मामले की अगली सुनवाई 18 जुलाई को की जाएगी। सुनवाई के लिए गुरुवार को कोर्ट में नीट का केस 40 से 45 मामले पर लिस्ट किया गया था। केस 33 की सुनवाई के बाद सीजेआई चंद्रचूड़ ने कहा कि कल सबसे पहले नीट पर सुनवाई होगी। इसके बाद इसे सोमवार तक के लिए टाल दिया।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बुधवार को केस की सुनवाई करने की रिक्वेस्ट की। फिलहाल, कोर्ट ने अगली सुनवाई 18 जुलाई तक टाल दी है। सुप्रीम कोर्ट में सीजेआई की बेंच के सामने नीट मामले की पहली सुनवाई 8 जुलाई को हुई थी।