Jharkhand: हजारीबाग में राजस्व कर्मचारी को घूस लेते एसीबी की टीम ने किया गिरफ्तार

अपराध झारखंड
Spread the love

हजारीबाग। एसीबी की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को झारखंड के हजारीबाग जिले के दारू अंचल के हलका दो के राजस्व कर्मचारी सीमंत दत्त को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।

वह झुमरा निवासी संतोष कुमार से म्यूटेशन के नाम पर रिश्वत ले रहा था। राजस्व कर्मचारी सीमंत अपने करीबी छोटन प्रसाद के माध्यम से रिश्वत ले रहा था।

पैसा जैसे ही छोटन ने पकड़ा, एसीबी की टीम ने कर्मचारी समेत छोटन प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को एसीबी की टीम अपने साथ हजारीबाग ले गयी।

संतोष कुमार ने अपने पिता प्रभु राम के नाम से खरीदी गयी 10 डिसमिल जमीन का म्यूटेशन करने के लिए 22 जून 2024 को ऑनलाइन आवेदन किया था। जिसका केस नंबर 216/2024 है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी छह सितंबर 2023 को ऑनलाइन आवेदन किया था, जिसका केस नंबर 489/2023-24 था। इस आवेदन को 123 दिन लंबित रखा गया, फिर रिजेक्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि रिश्वत नहीं देने की वजह से ही उनके आवेदन को अस्वीकृत कर दिया गया।

पीड़ित ने दूसरी बार फिर से म्यूटेशन के लिए आवेदन किया और कर्मचारी सीमंत से मिले, तो 60 हजार रुपए पर म्यूटेशन करने की बात बनी। रिश्वत नहीं देने को लेकर उन्होंने एसीबी से संपर्क किया। एसीबी ने पहले मामले की जांच की और मामला जांच में सही पाया।

इसके बाद गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया और गुरुवार को पहली किस्त 40 हजार रुपए देने के लिए दारू अंचल में आवेदक संतोष कुमार को भेजा। रिश्वत की रकम लेते ही एसीबी की टीम ने दोनों को पकड़ लिया।