Good News: 1500 युवाओं को आज नियुक्ति पत्र सौंपेंगे मुख्यमंत्री हेमंत, प्रभात तारा मैदान में होगा समारोह

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तीसरी बार सत्ता संभालते ही विकास को गति देने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में आज यानी शुक्रवार को राज्य के नवनियुक्त उच्च माध्यमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने जा रहे हैं। समारोह राजधानी रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में होगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से यह जानकारी दी गई है। कहा गया है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को 12:30 बजे झारखंड के 1500 नवनियुक्त शिक्षकों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण करेंगे। कार्यक्रम में वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता और शिक्षा मंत्री बैद्यनाथ राम विशिष्ट अतिथि। विभागीय अधिकारी भी शामिल होंगे।

इन नवनियुक्त शिक्षकों को 3 जुलाई को ही नियुक्ति पत्र मिल जाना था। तत्कालीन मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन उन्हें प्रभात तारा मैदान में नियुक्त पत्र वितरित करने वाले थे। लेकिन, इससे पहले ही झारखंड में राजनीतिक घटनाक्रम बदले और हेमंत सोरेन की सत्ता में वापसी हुई। इसी वजह से नियुक्ति पत्र बांटने में विलंब हो गया।

बता दें कि, 3 जुलाई को नियुक्ति पत्र वितरण समेत चंपाई सोरेन के सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया। 4 जुलाई को हेमंत सोरेन ने फिर से झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

8 जुलाई को हेमंत सोरेन सरकार ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल किया। उसी दिन उनके मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ और मंत्रियों ने शपथ ली। अब शिक्षकों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण होने जा रहा है। इस खबर से नवनियुक्त शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।