बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या, मचा कोहराम

अपराध देश बिहार
Spread the love

दरभंगा। अभी-अभी बड़ी खबर बिहार के दरभंगा जिले से आई है, जहां वीआईपी पार्टी के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता की हत्या कर दी गयी है। सन ऑफ मल्लाह के नाम से प्रसिद्ध मुकेश सहनी के पिता का शव घर के अंदर बरामद हुआ है।

दरभंगा के बिरौल थाना अंतर्गत मुकेश सहनी के पैतृक आवास पर उनके पिता का शव बरामद हुआ है। मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या धारदार हथियार से हुई है। पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है। अब तक हत्या के कारणों का पता नहीं चला है। पिता की हत्या की सूचना के बाद मुकेश सहनी मुंबई से दरभंगा के लिए निकल चुके हैं। शाम तक उनके गांव पहुंचने की उम्मीद है।

इस मामले की जांच के लिए दरभंगा की ग्रामीण एसपी तान्या मिश्रा के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर दी गयी है। जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल, थानाध्यक्ष बिरौल और तकनीकी कोषांग दरभंगा शामिल हैं। बिहार की परिवहन मंत्री शीला मंडल भी मौके पर पहुंच गयी हैं। मुजफ्फरपुर से एफएसएल की टीम दरभंगा के लिए रवाना हो गयी है।

दरभंगा के एसएसपी ने इसकी पुष्टि की है। वह खुद दल बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि जीतन सहनी का शव घर के भीतर क्षत-विक्षत हालत में मिला। जीतन सहनी का क्षत- विक्षत शव दरभंगा जिले के सुपौल बाजार में अफजला पंचायत स्थित घर के अंदर ही मिला है।

वीआइपी अध्यक्ष मुकेश सहनी के 70 वर्षीय पिता जीतन सहनी की चाकू से गोंदकर हत्या की गयी है। अपराधी ने चाकू से पेट फाड़ डाला है। उनके शरीर पर कई वार किया गया है। घर का मुख्य गेट बंद था। सुबह जब गेट काफी देर तक नहीं खुला, तो लोगों ने पुलिस को खबर दी। माना जा रहा है कि हत्यारा घर के पीछे से घर में आया हो।