Ranchi: हेमंत सोरेन से होटवार जेल में मिले मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, जानें दोनों में किस मुद्दे पर हुई बात

झारखंड
Spread the love

रांची। शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण की वोटिंग से पहले झारखंड के सीएम चंपाई सोरेन ने रांची की बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।  

मिली जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनाव के बाद की परिस्थितियों पर चर्चा के लिए चंपाई सोरेन ने हेमंत सोरेन से जेल में मुलाकात की। लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग के बीच शनिवार (1 जून) को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बने महागठबंधन इंडिया की बैठक बुलाई गई है। बैठक में भाग लेने के लिए चंपाई सोरेन और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी दिल्ली जाएंगी।

इधर, इंडिया के नेता दावा कर रहे हैं कि इस बार केंद्र में उसकी ही सरकार बनने जा रही है। गठबंधन के नेता यह भी दावा कर रहे हैं कि झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर उसके उम्मीदवार जीत रहे हैं। इस गठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा के अलावा कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और वामदल शामिल हैं।

गठबंधन के तहत लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को झारखंड में सबसे ज्यादा 7 सीटें मिलीं। झामुमो ने 5 सीट पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं, तो राष्ट्रीय जनता दल और भाकपा (माले) (लिबरेशन) के एक-एक उम्मीदवर चुनाव लड़ रहे हैं।

झारखंड की 14 सीटों पर 4 चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। 3 चरणों में 11 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। दुमका, राजमहल और गोड्डा लोकसभा सीट पर 1 जून को अंतिम चरण में मतदान होना है।