नई दिल्ली। बड़ी खबर राष्ट्रीय राजधानी से आई है, लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए को बहुमत मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री नियुक्त किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एनडीए के नेताओं का समर्थन पत्र सौंपा गया। जिसमें, उन्होंने पाया कि 18वीं लोकसभा में एनडीए बहुमत पाने की स्थिति में है। फिर राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 75 (1) के तहत नरेंद्र मोदी को देश का पीएम नियुक्त किया।
इस दौरान राष्ट्रपति ने मोदी से शपथ ग्रहण समारोह की तारीख और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के लिए नियुक्त किए जाने वाले नेताओं की लिस्ट मांगी। जल्द ही मंत्री पद की शपथ लेने वाले सांसदों की लिस्ट राष्ट्रपति भवन भेजी जाएगी।
नरेंद्र मोदी को शुक्रवार को पीएम पद पर नियुक्त करने के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें अपने हाथों से दही खिलाई। इसके बाद राष्ट्रपति के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी इसकी तस्वीर शेयर की गई। नरेंद्र मोदी 9 जून, 2024 को शाम 07:15 बजे प्रधानमंत्री की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों को गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद नरेंद्र मोदी ने कहा कि, महामहिम को बताया है कि शपथ ग्रहण 9 जून की शाम को होगा। तब तक मंत्री परिषद की सूची भी राष्ट्रपति को सौंप दी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि आगामी पांच साल के कार्यकाल में देश की आशाओं और आकांक्षाओं को पूर्ण करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
मालूम हो कि, चुनाव में एनडीए ने 293 सीटें जीती हैं, जो बहुमत के आंकड़े 272 से अधिक हैं। हालांकि, भाजपा बीते दो चुनाव की तरह अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं कर पाई। लेकिन सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। अब मोदी जदयू और टीडीपी के समर्थन से सरकार बनाने वाले हैं।