छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ नक्सलियों की बड़ी मुठभेड़, पांच नक्सली ढेर

अन्य राज्य देश
Spread the love

छत्तीसगढ़। शुक्रवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से छत्तीसगढ़ दहल उठा। यहां नारायणपुर -दंतेवाड़ा के सीमावर्ती इलाके में नक्सलियों और जिला रिजर्व समूह  के जवानों के बीच मुठभेड़ में5 नक्सली ढेर हो गये हैं। पुलिस के मुताबिक फायरिंग में 3 जवान भी घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिले की सीमा पर सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में पांच नक्सलियों को मार गिराया है।

पुलिस के मुताबिक गुरुवार को रात में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत नारायणपुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिले की सीमा पर स्थित मुंगेडी और गोबेल क्षेत्र में भेजा गया था। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबल के जवान आज जब गोबेल क्षेत्र में थे, तब नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, दोनों ओर से दिन भर रूक-रूककर गोलीबारी हुई।

मुठभेड़ के बाद अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने अभी तक पांच नक्सलियों के शव बरामद किए हैं, इस घटना में बड़ी संख्या में नक्सलियों के घायल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में नारायणपुर डीआरजी के तीन जवान भी घायल हुए हैं। घायल जवानों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है। अधिकारियों ने बताया कि इस संयुक्त अभियान में नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, जगदलपुर की डीआरजी और भारत तिब्बत सीमा पुलिस के 45वीं वाहिनी का बल शामिल है।

वहीं मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बल पूरे इलाके में सर्च अभियान चला रहे हैं। इस घटना के साथ ही इस साल अब तक राज्य में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में 123 नक्सली मारे जा चुके हैं। इससे पहले 23 मई को नारायणपुर-बीजापुर अंतर-जिला सीमा पर जंगल में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गए थे, जबकि 10 मई को बीजापुर जिले में 12 नक्सली ढेर हुए थे।