Jharkhand: झामुमो नेता के भाई की पुल के नीचे नग्न अवस्था में मिली लाश, मचा हड़कंप

अपराध झारखंड
Spread the love

लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले से बड़ी खबर आई है, गुरुवार को झामुमो के एक नेता के भाई का शव बरामद हुआ है। लाश एक पुल के नीचे नग्न अवस्था में मिली है। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

जानकारी के अनुसार, लातेहार जिला के चंदवा थाना क्षेत्र में एनएच-75 स्थित सिकनी कोल परियोजना से रिचूघुटा जाने वाले पथ पर केंदुवाही गांव के समीप औरगा नदी पर बने पुल के नीचे से गुरुवार (6 जून) को सुबह में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मो वकील (32) पिता स्व मो कयूम (तिलैयाटांड़, चंदवा) के रूप में की गई है।

सुबह आसपास के लोगों ने पुल के नीचे पिलर से सटे शव को देखा। इसकी सूचना चंदवा थाना को दी गई। पुलिस निरीक्षक रंधीर कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पहुंचा। शव को जब्त कर अंत्यपरीक्षण के लिए लातेहार भेज दिया गया। जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ अरविंद कुमार भी दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे।

पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट व पीठ पर घसीटने के निशान मिले हैं। शव नग्न अवस्था में पड़ा था। एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जायेगा।

मृतक झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड उपाध्यक्ष मो सरफराज का छोटा भाई था। वह तिलैयाटांड़ निवासी मो रफीक के 12 चक्का ट्रक का उपचालक था। सिकनी परियोजना में नंबर होने के कारण दो दिन पूर्व ट्रक सिकनी में खड़ा था।

वह दो दिन से सिकनी में ही था। गुरुवार को दोपहर बाद स्थानीय कब्रिस्तान में मिट्टी मंजिल की रस्म अदा की गई। लातेहार विधायक बैद्यनाथ राम शाम में मृतक के घर पहुंचे। परिजनों को ढाढ़स बंधाया। हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।