Jamshedpur: भाजयुमो ने दो पदाधिकारियों को किया निलंबित, मचा हड़कंप

झारखंड
Spread the love

जमशेदपुर। बड़ी खबर जमशेदपुर से आई है, जहां भाजयुमो ने अपने दो पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने भाजयुमो जमशेदपुर के मीडिया प्रभारी मोंटी अग्रवाल एवं भाजयुमो आइटी सेल प्रभारी आशीष कुमार साहू द्वारा फेसबुक अकाउंट से संगठन एवं पार्टी के वरीय नेताओं पर लगातार की जा रही टिप्पणी को संज्ञान में लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा ने कड़े अनुशासन एवं पार्टी लाइन के तहत अब कार्रवाई करने का फैसला किया है। मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने पत्र जारी कर भाजयुमो के दोनों जिला पदाधिकारी को पदमुक्त करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।

जारी पत्र में बताया गया कि विगत कुछ दिनों में आपके द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार संगठन एवं संगठन के वरीय नेताओं पर अनर्गल टिप्पणी करने का मामला संज्ञान में आया है। इस प्रकार सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से की गयी टिप्पणी से संगठन की छवि धूमिल हो रही है।

पत्र में दोनों पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करते हुए निलंबित कर दिया गया है। वहीं, दोनों पदाधिकारियों को इस मामले में तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित में देने को कहा गया है कि क्यों नहीं आपको पार्टी से निष्कासित कर दिया जाये। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि भाजपा में अनुशासन सर्वोपरि है। अनुशासनहीनता के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है।

भाजयुमो जमशेदपुर महानगर के मीडिया प्रभारी मोंटी अग्रवाल ने कहा कि वे भाजपा सोशल मीडिया के एक्टिव कार्यकर्ता हैं। वह अपनी आइडी से सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के अलावा संगठन के कार्यक्रमों का पोस्ट लगातार करते रहते हैं।

भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा द्वारा अपना पर्सनल आइडी चलाने का दवाब उन पर विगत कई माह से बनाया जा रहा था। उन्होंने दबाव में आइडी चलाने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने कार्रवाई की धमकी दी थी, जिसके कारण बहाना बनाकर उन्हें नोटिस दिया गया है।