राष्ट्रीय स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा बुरुडीह डैम

झारखंड
Spread the love

जमशेदपुर। मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित बुरुडीह डैम का 23 जून को अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने इस क्रम में बुरुडीह डैम को राष्ट्रीय स्तर पर एक बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने को लेकर अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए। मौके पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार राज्य के कई नए पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

पर्यटन की प्रबल संभावनाएं हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्रकृतिक सुंदरता के दृष्टिकोण से एक बहुत ही आकर्षक राज्य है। यहां पर्यटन की प्रबल संभावनाएं हैं, यही कारण है कि हमारी सरकार राज्य में चिन्हित कई धार्मिक, आध्यात्मिक स्थलों सहित पहाड़, डैम, फॉल आदि आकर्षक जगहों को विकसित करने के उद्देश्य से कार्य योजना बना रही है।

पानी किसान वर्ग को उपलब्ध कराएंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आंदोलन के समय ही व्यक्तिगत रूप से मैं जंगल से घिरे हुए इस ऐतिहासिक बुरुडीह डैम की खूबसूरती से परिचित हूं। इस डैम का सर्वांगीण विकास हो, यह पहले से ही मेरे मन में था। इस डैम का पानी बुरुडीह आस-पास क्षेत्र के किसान वर्ग को मिले, इसी उद्देश्य से हमारी सरकार आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार हर सेक्टर में विकास की एक लम्बी लकीर खींचने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

सभी मूलभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरुडीह डैम का सौंदर्यीकरण कार्य सहित राष्ट्रीय स्तरीय पर्यटन के सभी जरूरी व्यवस्थाओं को एक निश्चित समय सीमा के अंदर पूरा करना सुनिश्चित यह राज्य सरकार का लक्ष्य है। यहां गेस्ट हाउस, खेल मैदान, पार्क निर्माण इत्यादि सभी कार्य प्राथमिकता के तौर पर किए जाएंगे। विभिन्न राज्यों से लोग इस पर्यटन स्थल में आकर यहां की खूबसूरती का आनंद ले सकें, इस निमित्त डैम को कनेक्ट करने वाला सड़क सहित बिजली, पानी और पर्यटकों के ठहरने की पूरी सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरुडीह डैम को विकसित कर घाटशिला क्षेत्र को एक नई पहचान देनी है। मौके पर मुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण किया तथा पेड़ों में रक्षासूत्र बांधकर वृक्ष को संरक्षित करने का संदेश भी दिया।

अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने अवलोकन के दौरान अधिकारियों से राज्य सरकार द्वारा बुरुडीह डैम में किए जाने वाले कार्य योजना की विस्तृत जानकारी ली। मौके पर मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग, वन विभाग और पूर्वी सिंहभूम जिला के अधिकारियों को बेहतर तालमेल और समन्वय बनाकर बुरुडीह डैम के विकास कार्य को निश्चित समय सीमा के अंतर्गत मूर्त रूप देने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर घाटशिला विधायक रामदास सोरेन, मुख्यमंत्री के सचिव अरवा राजकमल, वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल सहित संबंधित विभाग के वरीय  अधिकारी उपस्थित रहे।

यहां सीधे पढ़ें अन्‍य खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं। आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमसे इस लिंक से जुड़े
https://chat।whatsapp।com/DHjL9aXkzslLcQKk1LMRL8