बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का निधन, सियासी गलियारों में शोक की लहर

नई दिल्ली देश
Spread the love

कैंसर से थे पीड़ित, आज पटना लाया जाएगा पार्थिव शरीर

सुशील मोदी ने जेपी आंदोलन से राजनीति में रखा था कदम

नई दिल्ली। दुखद खबर आई है, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी का सोमवार की देर रात निधन हो गया है। वो लंबे वक्त से कैंसर से पीड़ित थे। नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उनका इलाज चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने अपनी इस बीमारी का खुलासा सोशल मीडिया पर किया था। मंगलवार की सुबह पटना स्थित आवास पर उनका पार्थिव शरीर लाया जायेगा। सुशील मोदी के निधन के बाद बिहार के सियासी गलियारों में शोक की लहर दौर गई है।

सुशील मोदी ने तीन अप्रैल को सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा था कि पिछले 6 माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं। अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है। लोक सभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊंगा। पीएम को सब कुछ बता दिया है। देश, बिहार और पार्टी का सदा आभार और सदैव समर्पित।

सुशील मोदी ने जेपी के छात्र आंदोलन से सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। बाद में पटना मध्य से विधायक भागलपुर से सांसद तथा बाद में राज्यसभा के सदस्य हुए। 2010 में वे पहली बार नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 2005 के नवंबर में जब बिहार में एनडीए की सरकार बनी, तो सुशील कुमार मोदी उप मुख्यमंत्री बनाये गये। वे लंबे समय तक राज्य के उप मुख्यमंत्री रहे। उनके निधन से भाजपा और राज्य को अपूरणीय क्षति हुई है।