
उद्योग सचिव जितेन्द्र सिंह से मिला लघु उद्योग भारती का एक प्रतिनिधिमंडल
रांची। लघु उद्योग भारती, झारखंड का एक प्रतिनिधिमंडल प्रांतीय अध्यक्ष विजय कुमार छापड़िया के नेतृत्व में उद्योग सचिव जितेन्द्र सिंह से मुलाकात की। मुलाकात में प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड स्थित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के अधिसंरचनाओं विशेष कर बोकारो, आदित्यपुर और रांची के हालात पर ध्यान देने का आग्रह किया।
सचिव को सड़क, सफाई, कानून व्यवस्था आदि के बारे में ध्यान आकृष्ट कराया। इसके अलावा प्रोजेक्ट क्लीयरेंस कमेटियों (पीसीसी) में लघु उद्योग भारती को उचित प्रतिनिधित्व देने, राज्य स्थित स्टेट फैलिसिटेशन कौन्सिल की लंबित बैठक को शीघ्र आहूत करने एवं उसमें लघु उद्योग भारती के सदस्यों को भी नामित करने का आग्रह किया गया।
सरिता पांडे ने राज्य में आयोजित होने वाले उद्योग मेला में लघु उद्योग भारती के महिला सदस्यों के लिए स्टाल आवंटन में प्राथमिकता देने का निवेदन किया। इन सभी विषयों पर सकारात्मक विचार करते हुए सचिव ने शीघ्र अनुमोदन का आश्वासन दिया। इसी क्रम में रातू रोड स्थित झारक्राफ्ट कार्यालय में नवनियुक्त महानिदेशक कृतिश्री से भी प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की।

प्रतिनिधिमंडल ने झारक्राफ्ट के विभिन्न कार्यकलापों में लघु उद्योग भारती के महिला सदस्यों को भी अवसर देने और प्रोत्साहित करने का विनम्र आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष रांची महानगर सुनील गुप्ता, सचिव रांची महानगर सत्य प्रकाश पांडे, अध्यक्ष बोकारो इकाई शैलेन्द्र पांडे एवं अध्यक्ष महिला इकाई सरिता पांडे शामिल थे।