केंद्रीय मंत्री ने खूंटी में एकलव्य आदर्श विद्यालय का किया उद्घाटन, सौंपा नियुक्ति पत्र

झारखंड
Spread the love

खूंटी। जनजातीय मामलों एवं कृषि और किसान कल्याण के केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अर्जुन मुंडा ने झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा ब्लॉक के सियानकेल गांव में नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का सोमवार को उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि प्रथम फेज में एकलव्य विद्यालय के लिए 10 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। पीएम ने जनजातीय बहुल इलाकों में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए एकलव्य विद्यालय की परिकल्पना की। उसे क्रियान्वित भी किया।

सुदूरवर्ती क्षेत्र में गांव के वातावरण में नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम इसलिए रखा गया, क्योंकि भारत गांवों का देश है। जंगल के बीच सुदूरवर्ती इलाकों में रहने वाले जनजातीय बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले। कर्रा ब्लॉक में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय एक पुराना विद्यालय है। विद्यालय भवन के लिए ₹12 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति 10 नवंबर, 2017 को प्रदान की गई।

केंद्रीय मंत्री ने झारखंड के विभिन्न जिलों के विभिन्न प्रखंडों में बने एकलव्य विद्यालय का भी जिक्र किया। प्रत्येक एकलव्य विद्यालय में अब 480 विद्यार्थी एक साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। वहां करियर काउंसिलिंग और कौशल विकास की व्यवस्था होगी। प्रत्येक विद्यालय में चार खेलों को शामिल किया जा रहा है।

तीरंदाजी को प्रत्येक विद्यालय में शामिल करने का प्रावधान किया गया है। एकलव्य स्कूल से प्राप्त शिक्षा के माध्यम से हमारे बच्चे आने वाले समय में देश की अग्रिम पंक्ति में खड़े होने की क्षमता बना सकेंगे। पूरे देश में 690 एकलव्‍य स्कूल हैं, जिनमें से 401 कार्यरत हैं। झारखंड में वर्तमान में 7 विद्यालय कार्यरत हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विकसित भारत मतलब बहुत अच्छे इमारत और गगनचुम्बी भवन होना नहीं है। हमें अपने विद्यार्थियों के बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से ही विकसित भारत का निर्माण करना है। शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति सशक्त बनता है। विकास करता है और आगे बढ़ता है।

अर्जुन मुंडा ने आगे कहा कि सिमडेगा के पवित्र स्थल रामरेखा धाम को टूरिस्ट सर्किट के रूप में विकसित करने के लिए 25 करोड़ की राशि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत कर दी गयी है। उसकी प्रथम क़िस्त की राशि राज्य सरकार को भेज दी गयी है।

मंत्री ने झारखंड के नवनियुक्त टीजीटी/पीजीटी शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मंत्री ने शिक्षक दीपू कुमार, पूर्णिमा कुमारी, नारायण शाह, चिन्मय मांझी, संध्या कुमारी, विक्रम कुमार राम, श्वेता बेहरा, अमन कुमार, सृष्टि बारला, फिरदौस अख्तर, लाल मोहम्मद को नियुक्ति पत्र सौंपा। अन्य शिक्षकों को संबंधित विभाग नियुक्ति पत्र देंगे।

इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मंजू देवी ने कहा कि जनजातीय बहुल इलाके में एकलव्य विद्यालय की जरूरत थी। खूंटी के सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रत्येक प्रखंड में एकलव्य विद्यालय की आधारशिला रखी और आज उद्घाटन भी कर रहे हैं।

कार्यक्रम में संयुक्त सचिव बीएन प्रसाद, खूंटी उपायुक्त लोकेश मिश्रा, जिला प्रशासन के अधिकारी और भाजपा के प्रतिनिधियों समेत स्थानीय लोग उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमसे इस लिंक से जुड़े
https://chat।whatsapp।com/DHjL9aXkzslLcQKk1LMRL8