चौधरी चरण सिंह समेत इन विभूतियों को मिला भारत रत्न, पढ़ें

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में चार विभूतियों पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एमएस स्वामीनाथन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को देश का सर्वोच्च पुरस्कार भारत रत्न देकर सम्मानित किया।

इन सभी को ये सम्मान मरणोपरांत दिया गया। यह सम्मान पाने वालों में पूर्व उपप्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी भी शामिल हैं।

आडवाणी की खराब सेहत और उम्र को देखते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू खुद उनके आवास पर जाकर यह सम्मान प्रदान करेंगी। 2020 से 2023 तक किसी को भी भारत रत्न नहीं दिया गया था, लेकिन 2024 के लिए मोदी सरकार ने पांच हस्तियों को भारत रत्न देने का एलान किया था।

पीएम नरेंद्र मोदी की अगुआई में पहली बार 2014 में भाजपा की सरकार बनी थी। मोदी सरकार में मदन मोहन मालवीय, पंडित अटल बिहारी वाजपेयी, प्रणब मुखर्जी, भूपेन हजारिका और नानाजी देशमुख को देश के इस सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा जा चुका है।

मणोपरांत जिन हस्तियों को भारत रत्न देकर सम्मानित किया गया। उनके परिजनों ने समारोह में इस सर्वोच्च पुरस्कार को प्राप्त किया। चौधरी चरण सिंह के पोते और राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने समारोह में भाग लेकर राष्ट्रपति मुर्मू से सम्मान स्वीकार किया।

एमएस स्वामीनाथन की बेटी नित्या राव और कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति से भारत रत्न को प्राप्त किया। इसी तरह पूर्व पीएम नरसिम्हा राव के बेटे पीवी प्रभाकर राव ने राष्ट्रपति से अपने पिता को मिले इस पुरस्कार को प्राप्त किया।

मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।