
रांची। शनिवार को होली पर विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन एक तरफ जहां बैठक कर रहा था, वहीं दूसरी ओर अपराधियों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े एक युवक की हत्या कर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। वारदात को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए। पुलिस उनकी धरपकड़ में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े कुख्यात अपराधी छोटू रंगसाज की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। वह गढ़वा में आतंक का पर्याय था। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी के साथ बाजार करने आया था। इसी दौरान उसे अपराधियों ने गोली मार दी। इस वारदात में वह घायल हो गया था। उसे आनन-फानन में रिम्स में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि, रांची की उर्दू लाइब्रेरी के पास जिस युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है, उसका नाम छोटू रंगसाज है। वह गढ़वा जिले के रंका का रहनेवाला था। वह कुख्यात अपराधी था। गढ़वा के लिए आतंक का पर्याय बना हुआ था।
उस पर हत्या समेत कई मामले दर्ज हैं। छोटू रंगसाज पर गढ़वा जिले के सदर थाने और रंका थाना क्षेत्र में हत्या के सात मामले समेत लूट और डकैती के दो दर्जन मामले दर्ज हैं। हजारीबाग में मारे गए अपराधी भोला पांडेय व पलामू के बॉबी खान से भी इसके तार जुड़े थे। भोला पांडेय और बॉबी खान के मारे जाने के बाद से छोटू रंगसाज गढ़वा जिले में कई कांडों को अंजाम दे चुका था।