अब दिल्ली में भी टूटा इंडी गठबंधन!, इस पार्टी ने सभी सातों सीटों पर लड़ने का किया एलान

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। बड़ी खबर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से आ रही है, लोकसभा चुनाव से पहले ही इंडी गठबंधन बिखरने लगा है। बिहार में जेडीयू नेता नीतीश कुमार, पश्चिम बंगाल में टीएमसी के बाद अब आम आदमी पार्टी ने भी इंडी गठबंधन से दूरी बना ली है।

आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के बाद अब दिल्ली की सभी सातों सीटों पर लड़ने का एलान कर दिया है। पंजाब के तरनतारन में सभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गवर्नर ने विधानसभा का सत्र नहीं होने दिए।

दिल्ली में भी काम नहीं करने देते हैं, लेकिन दिल्ली ने जो ठान लिया है कि सातों लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी को जिताना है। आप भी लोकसभा की 13 की 13 सीटों पर झाड़ू चलाओ, आम आदमी पार्टी को जिताओ। फिर केंद्र सरकार की हिम्मत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सातों सीट आम आदमी पार्टी को देंगे।

बताते चलें कि, कल ही आम आदमी पार्टी ने पंजाब में लोकसभा की सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया था। अब दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का एलान किया है। इस तरह से इंडिया गठबंधन और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन पूरी तरह से समाप्त हो गया है।

केजरीवाल ने कहा कि, आज भाजपा सिर्फ आम आदमी पार्टी से डरती है। छोटी सी पार्टी की दिल्ली में सरकार बनी, पंजाब में बनी, गोवा और गुजरात में विधायक जीते। भाजपा को डर है कि किसी दिन आम आदमी पार्टी की केंद्र में सरकार ना बन जाए।

उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी को कुचलना चाहते हैं। रोज आरोप लगाते हैं, कभी ईडी, कभी सीबीआई, ऐसा लगता है कि सबसे बड़ा आतंकवादी मैं हूं।”