झारखंड में मंत्रिमंडल का विस्तार अब 16 फरवरी को

झारखंड
Spread the love

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद झारखंड में बनी है नई सरकार

रांची। झारखंड में चंपाई सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार कल यानी गुरुवार (8 फरवरी) को नहीं होगा। राजभवन ने कहा है कि 16 फरवरी को दोपहर तीन बजे मंत्रिमंडल के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह होगा।

राजभवन की ओर से बताया गया है कि राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के अनुरोध पर 8 फरवरी 2024 को निर्धारित मंत्रिपरिषद के सदस्यों के पद-शपथ अनुष्ठान को स्थगित कर दिया है। मुख्यमंत्री के आग्रह पर अब यह शपथ ग्रहण समारोह 16 फरवरी तीन बजे होगा।

वहीं, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का दूसरा चरण 14 फरवरी से शुरू होगा। 15 फरवरी तक वह झारखड में रहेंगे। उनके जाने के बाद झारखंड में मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण होगा।

बताते चलें कि, 31 जनवरी को कथित जमीन घोटाला मामले में झामुमो नेता हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी से पहले हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। उनकी जगह चंपाई सोरेन को गठबंधन विधायक दल का नेता चुना गया। अब वह अपने मंत्रिपरिषद का विस्तार करने जा रहे हैं।