Bihar: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला सहायक अभियंता का मिला शव, मचा हड़कंप

बिहार देश
Spread the love

मुजफ्फरपुर। बिहार में गिरती कानून व्यवस्था से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। अपराध का बढ़ते ग्राफ के बीच बड़ी खबर मुजफ्फरपुर से आई है, जहां सदर थाना क्षेत्र में शनिवार को सिंचाई विभाग में सहायक अभियंता पद पर कार्यरत महिला सहायक अभियंता का शव बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, सहायक अभियंता महिमा कुमारी (26) सदर थाना क्षेत्र के कच्ची-पक्की चौक के पास अतरदह प्रजापति नगर मुहल्ले में एक मकान में पिछले दो वर्षों से रहती थीं। शनिवार की शाम उनके बेहोश होने की खबर पुलिस को मिली थी। मृतका लखीसराय की रहने वाली बताई जा रही हैं।

मुजफ्फरपुर नगर के सहायक पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने कहा कि सूचना के बाद जब पुलिस पहुंची, तब महिला का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा पुलिस मामले की जांच कर रही है।