बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में एग्रोटेक किसान मेला 24 फरवरी से

कृषि झारखंड
Spread the love

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में एग्रोटेक किसान मेला 24 से 26 फरवरी, 2024 तक होगा। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पद संभालते ही कुलपति डॉ एससी दुबे ने इसकी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश निदेशक प्रसार शिक्षा को दिया था।

तीन दिवसीय मेले में उद्यान प्रदर्शनी में सब्जी, फल, फूल, औषधीय एवं सगंधीय पौधों से युक्त तकनीकी प्रदर्शनी, पशु-पक्षी प्रदर्शनी के गोवंश, भैंस, बकरी, सूकर, मुर्गी, बतख, खरगोश व पक्षी, किसान-वैज्ञानिक गोष्ठी और महिला कृषक गोष्ठी मुख्य कार्यक्रम होंगे।

मेले में फसल एवं सब्जियों के संकर बीज और पौध सामग्री का प्रदर्शन एवं बिक्री, मिट्टी एवं जल की निःशुल्क जांच एवं पशु स्वास्थ्य जांच एवं सलाह उपलब्ध होगी।

मेले में प्रगतिशील एवं नवोदित किसान, स्वयंसेवी संगठन, आम लोग अपने कृषि एवं संबद्ध उत्पादों का पंजीयन कराकर प्रतियोगिता में भाग ले सकते है। एग्रोटेक मंच से किसानों को सम्मान और प्रतियोगी विजेता को पारितोषिक भी प्रदान की जाएगी।

मेले में झारखंड सहित पूर्वी राज्यों के आईसीएआर संस्थानों के आलावा, विवि के कृषि, वानिकी एवं पशु चिकित्सा संकायों के सभी विभागों, प्रदेश के 24 कृषि विज्ञान केंद्रों, 3 क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्रों द्वारा लाभकारी कृषि तकनीकी एवं उत्पाद प्रदर्शनी के साथ तकनीकी सेवाएं भी प्रदान की जाएगी। साथ ही, राज्य के कृषि, उद्यान, भूमि संरक्षण, पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन निदेशालय के प्रादर्श को स्टॉल में प्रदर्शित किये जायेंगे।

मेले में पूर्वी राज्यों से हजारों की संख्या में आने वाले किसान, कृषि पदाधिकारी, प्रसार कार्यकर्ता और कृषि से जुड़े हितकारक नवीनतम लाभकारी कृषि तकनीकों पर अपने ज्ञान एवं अनुभव साझा करेंगे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।