चाईबासा। हैरान कर देने वाली खबर झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से आई है, जहां नक्सल प्रभावित जराईकेला थाना क्षेत्र में भाकपा माओवादी ने अपने पुराने साथी नेल्सन भेंगरा की गोली मार हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, 9 जनवरी की रात हथियारबंद नक्सली समठा गांव पहुंचे और नेल्सन भेंगरा को उसके घर से उठा कर अपने साथ ले गये।
माओवादी ने पहले नेल्सन की जमकर पिटाई की। फिर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। दो माह पहले जेल से बाहर आया था नेल्सन भेंगरा सारंडा जंगल क्षेत्र के जराईकेला थाना अंतर्गत समठा गांव का निवासी था। नेल्सन लंबे समय से बड़े नक्सलियों के साथ जुड़ा था।
नेल्सन भेंगरा को ओडिशा की बिसरा थाना पुलिस ने मई 2023 में एक सड़क निर्माण कंपनी से लेवी मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दो माह पहले ही वह जेल से बाहर आया था।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक चाईबासा आशुतोष शेखर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पूर्व नक्सली नेल्सन भांगड़ा की हत्या की जानकारी मिली है। सुरक्षा बलों की ओर से नेल्सन के शव को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, नक्सलियों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है।