कर्पूरी ठाकुर को मिलेगा भारत रत्न, मोदी सरकार ने किया बड़ा एलान, नीतीश की पार्टी गदगद

बिहार देश
Spread the love

पटना। मोदी सरकार ने मंगलवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न दिए जाने का एलान किया। केंद्र ने यह घोषणा कर्पूरी ठाकुर की जन्मशताब्दी की पूर्व संध्या पर की है। इस संबंध में राष्ट्रपति भवन से अधिसूचना जारी कर दी गयी है।

बता दें कि, 24 जनवरी को कर्पूरी ठाकुर की जन्मशताब्दी पर दिल्ली और पटना समेत कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। कर्पूरी ठाकुरी को पिछड़ों का मसीहा कहा जाता है। बताते चलें कि, जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने की मांग की थी।

इस एलान के बाद जेडीयू ने मोदी सरकार का आभार जताया है। माना जा रहा है कि, केंद्र सरकार का यह एलान 2024 के लोकसभा चुनाव में पिछड़ा वोट बैंक को भाजपा के पक्ष में गोलबंद करने में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।

कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर ने कहा कि हमें 36 साल की तपस्या का फल मिला है। मैं अपने परिवार और बिहार के 15 करोड़ लोगों की तरफ से सरकार को धन्यवाद देना चाहता हूं।