पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भी मिला राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

रांची। अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। देश ही नहीं, बल्कि विदेश में भी इसका जश्न मनाने की तैयारी चल रही है। देश-विदेश से हस्तियों को अयोध्या आने का निमंत्रण भेजा जा रहा है। उन्हीं में शुमार हैं पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, तीरंदाज दीपिका कुमारी और लोक गायक मुकुंद नायक। इनके समेत झारखंड के 16 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है।

इस बाबत आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी धनंजय सिंह ने सोमवार को एमएस धोनी को रांची स्थित उनके आवास पर निमंत्रण सौंपा। इस अवसर पर भाजपा के संगठन सचिव कर्मवीर सिंह भी उपस्थित थे। सिंह ने मीडिया से कहा, ”हमने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से उन्हें (धोनी) निमंत्रण कार्ड सौंपा।”

श्री सिंह ने कहा कि, निमंत्रण मिलने के बाद धोनी और उनके परिवार के सदस्यों ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा, “अयोध्या में प्रतिष्ठा समारोह के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता और पद्म भूषण करिया मुंडा, पद्म श्री मुकुंद नायक, पद्म श्री तीरंदाज दीपिका कुमारी, आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो समेत 16 प्रतिष्ठित हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।”

उन्होंने कहा कि झारखंड से साधु समाज के 69 लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस दिन मंदिर में रामलला की मूर्ति की स्थापना में शामिल होंगे। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने 10 जनवरी को अपने झारखंड दौरे के दौरान कहा था कि विदेश से लगभग 100 प्रतिनिधियों समेत लगभग 7,000 लोग समारोह में शामिल होंगे।