
जालंधर। बड़ी खबर पंजाब के जालंधर से आई है, संगरूर में पदस्थ डीएसपी दलबीर सिंह देओल की किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी है। सोमवार को उनकी लाश मिलने से पंजाब में हड़कंप मच गया है। हैरानी की बात तो यह है कि उनकी सर्विस रिवाल्वर भी गायब है।
जानकारी के अनुसार डीएसपी की लाश बस्ती बावा खेल नहर के समीप मिली है। लाश देखकर पता चल रहा है कि किसी ने उनकी हत्या की है। क्योंकि उनके सिर में भी चोट के निशान है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले ही उनका विवाद वहीं के एक गांव वालों से हुआ था।
डीएसपी ने 31 दिसंबर की रात को दोस्तों के साथ पार्टी मनाई थी। पार्टी के बाद दोस्तों ने उन्हें संगरूर में बस स्टैंड के समीप छोड़ दिया था। इसके बाद सभी दोस्त अपने अपने घर चले गए थे। जिसके बाद सोमवार की सुबह राह चलते लोगों को उनका शव नहर के समीप मिला, जिसकी जानकारी लोगों ने पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव देखकर उनकी पहचान डीएसपी के रूप में की। इसके बाद तत्काल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। जहां जांच में पता चला कि उनकी गर्दन में गोली फंसी है। जिससे उनकी मौत हुई है। डीएसपी अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिस प्रकार से लाश मिली थी। उससे सड़क हादसे में मौत होना पता चल रहा था। क्योंकि सिर और आसपास काफी चोटें थीं। लेकिन जब शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, तो उसमें गले से गोली निकली है। जिससे साफ पता चल रहा है कि किसी ने उनकी हत्या की है। फिलहाल पुलिस ने इस गंभीर मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी की मौत के कारणों का खुलासा करने के लिए पुलिस स्थानीय बस स्टैंड व आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ताकि कोई सुराग पुलिस के हाथ लगे, जिससे डीएसपी की मौत का राज खुल सके।