लघु उद्योग भारती, रांची महानगर इकाई की बैठक में उद्यमियों के समक्ष आ रही चुनौतियों पर चर्चा

झारखंड
Spread the love

महिलाओं की ओर से स्थापित कुटीर उद्योगों को बढ़ावा और उन्हें आर्थिक सहयोग देने पर बनी सहमति

रांची। लघु उद्योग भारती, रांची महानगर इकाई की बैठक श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, तेतरटोली रांची के प्रांगण में अध्यक्ष सुनील गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। इसमें स्थानीय उद्यमियों के समक्ष आ रही चुनौतियों और समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही विपत्र भुगतान में विलंब, केंद्र व राज्य सरकार के उपक्रमों द्वारा राज्य स्थित उत्पाद की खरीद में प्राथमिकता के साथ-साथ कुटीर उद्योग, ग्रामीण उद्योग के समक्ष वित्तीय संस्थाओं द्वारा वित्त उपलब्धता के प्रति उदासीनता पर भी चर्चा की गयी।

राज्य स्थित विविध बोर्ड यथा राज्यस्तरीय बैंकर्स कमेटी, रियाडा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आदि में लघु उद्योग भारती का प्रतिनिधित्व के लिए प्रयास करने का निर्णय लिया गया। विद्युत विभाग व अन्य विभागों से समन्वय के लिए सब कमेटी बनाने का भी निर्णय लिया गया।

लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष विजय छापड़िया ने संगठन के अखिल भारतीय स्वरूप तथा केंद्र द्वारा तय किये गए सांगठनिक कार्यों पर प्रकाश डाला। साथ ही संगठन विस्तार पर जोर दिया। महिलाओं की ओर से स्थापित कुटीर उद्योगों को बढ़ावा और उन्होंने आर्थिक सहयोग देने पर सहमति बनी।

अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहा कि, लघु उद्योग भारती देश के छोटे उद्योगों के हितों और उनके संरक्षण के लिए सदैव प्रयत्नशील है। उद्योगों की उन्नति से ही भारत का वैभव लौटाया जा सकता है। उन्होंने रांची में स्थापित महिला कुटीर उद्योग का विजिट कर उसके संचालन में आ रही दिक्कतों को दूर करने की बात कही।

लघु उद्योग भारती के कोकर अध्यक्ष रतन लाल अग्रवाल ने कहा कि, लघु उद्योग भारती ही देश का एकमात्र ऐसा संगठन है, जो उद्यमियों व मज़दूरों के बीच सेतु का काम करता है। यह संगठन मज़दूरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर करता है। यह एक ऐसा मंत्र है, जो प्रबंधन के विकास के रास्ते से मज़दूरों की ख़ुशियों के दरवाज़े खोलता है।

मौके पर मुख्य रूप से सत्य प्रकाश पांडेय, सचिव रांची जिला, ओम प्रकाश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष, प्रकाश कुमार हेमसरसरिया, अखिलेश्वर नारायण, एसपी पांडेय, अजय कुमार, अरविंद नारायण श्रीवास्तव, मधुसूदन अग्रवाल, भरत अग्रवाल, डॉ अरुणजिता सिंह, अशोक बंधन, रामचंद्र कुमार समेत महिला उद्यमियों के प्रतिनिधियों के रूप में नीतू सिंह, आशा सिन्हा, सरिता पांडेय, सुचित्रा छापड़िया, वीणा सिंह आदि मौजूद रहीं। धन्यवाद ज्ञापन मनीष सिंह ने किया।