मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्र की हॉस्टल में फंदे से लटकती मिली लाश, मचा हड़कंप

अन्य राज्य देश
Spread the love

राजस्थान। दुखद खबर राजस्थान से आई है, जहां एक और छात्र ने सुसाइड कर लिया है। उत्तर प्रदेश से राजस्थान के कोटा जिले में माता-पिता ने अपने बेटे को डॉक्टर बनने के लिए भेजा था। लेकिन उन्हें क्या पता था जो सफेद एप्रिन की जगह बेटा वापस सफेद कफन पहनकर लौटेगा। यह इस साल में पहला मामला है। इस घटना की जांच कोटा जिले की जवाहर नगर थाना पुलिस कर रही है।‌

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सामने आया कि उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला मोहम्मद जैद जवाहर नगर थाने में स्थित कंचन हॉस्टल में रह रहा था। मंगलवार को वह अपने कमरे में था।‌ रात करीब 8 बजे के आसपास उसके कुछ साथी उसके कमरे में जाने के लिए वहां पहुंचे।

उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन मोहम्मद ने दरवाजा नहीं खोला। उन्होंने तुरंत हॉस्टल संचालक को इसकी सूचना दी। हॉस्टल संचालक ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और हॉस्टल संचालक दोनों मौके पर पहुंचे और उसके बाद कमरा खुलवाया, तो सामने मोहम्मद जैद की लाश लटक रही थी।‌ उसे तुरंत कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

उसके पास से पुलिस को फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उसके शव को मुर्दाघर में रखवाया गया है। उसके साथियों ने पुलिस को बताया कि यह उसका सेकंड अटेम्प्ट होता, पहले अटेम्प्ट में वह पास नहीं हो सका था।‌ लेकिन दूसरा अटेम्प्ट से पहले ही उसने खुद को हमेशा के लिए फेल कर लिया।

मोहम्मद जैद की उम्र 19 साल थी। वह नीट की तैयारी कर रहा था। पिछले साल कोटा में 28 छात्रों ने जान दी थी, जो पूरे देश भर से डॉक्टर और इंजीनियर बनने के लिए कोटा आए थे। यह अब तक का सबसे बड़ा फिगर था।