Ranchi: बूटी मोड़ चौक से डूमरदगा जाने वाले रास्ते पर भीषण हादसा, खंभे से टकराई तेज रफ्तार कार, 4 लोगों की मौत

झारखंड
Spread the love

रांची। राजधानी रांची के बूटी मोड़ चौक से डूमरदगा जाने वाले रास्ते में भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी है। घटना बीती रात की है।

रांची सदर थाना पुलिस ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गयी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि बीती रात बूटी मोड़ चौक से डूमरदगा जाने वाले रास्ते पर यह घटना हुई है। चारों मृतक बरियातू बस्ती के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि यह हादसा देर रात करीब डेढ़ बजे शहर के सदर थाना क्षेत्र में बूटी चौक और डुमरदगा के बीच हुआ।

सदर पुलिस थाने के प्रभारी लक्ष्मीकांत ने बताया कि कार एक बिजली के खंभे से टकरा गई और फिर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभे के तीन टुकड़े हो गये। कार की रफ्तार काफी तेजी थी।

उन्होंने बताया कि युवकों को ‘राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस’ (रिम्स) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मीकांत ने कहा कि सभी की उम्र करीब 30 वर्ष थी। ये सभी रांची के बारियातु बस्ती के रहने वाले थे।