गिरिडीह। झारखंड की गिरिडीह पुलिस को गुरुवार को बड़ी कामयाबी मिली है। जवानों ने चार बाइक बरामद करने के साथ गिरोह के मुख्य सरगना राजकुमार गोस्वामी और गिरोह के रिसिवर सह खरीदार फिलिप मुर्मू को गिरफ्तार किया है।
गिरोह के जिस अपराधी राजकुमार गोस्वामी को नगर थाना पुलिस ने दबोचा। वह पहले बगोदर के प्रतिबंधित संगठन एनएसपीएम और उसके सरगना उमेश गिरि के गिरोह से भी जुड़ा हुआ था। कुछ महीनों तक उमेश गिरि के साथ रहकर अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद फिर से बाइक चोरी की घटना को अंजाम देना शुरु कर दिया।
नगर थाना प्रभारी राम नारायण चौधरी ने गुरुवार को बताया कि राजकुमार गोस्वामी देवघर के चितरा थाना क्षेत्र के अलकवारा गांव का रहने वाला है। जबकि खरीदारी से रिसिवर फिलिप मुर्मू भी चितरा थाना क्षेत्र के बागजोरिया गांव का रहने वाला है।
थाना प्रभारी चौधरी ने बताया कि मंगलवार की शाम राजकुमार गोस्वामी को गुप्त सूचना के आधार पर शहर के एलआईसी कार्यालय के समीप से उस वक्त दबोचा गया। जब राजकुमार गोस्वामी बाइक चोरी करने के प्रयास में था। इसी दौरान सिविल ड्रैस में तैनात पुलिस जवानों ने राजकुमार गोस्वामी को दबोचा।
पूछताछ के बाद राजकुमार गोस्वामी की निशानदेही पर देवघर के बागजोरिया गांव स्थित उसके घर में छापेमारी कर फिलिप मुर्मू को दबोचा गया और फिलिप मुर्मू की निशानदेही पर बागजोरिया गांव से सटे सोनातार गांव पुआल के ढेर में छिपाकर रखी गयी हीरो कंपनी की चार बाइक को बरामद किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि, राजकुमार गोस्वामी ने कुछ दिनों पहले शहर के अलग-अलग स्थानों से हीरो कंपनी की चार बाइक की चोरी कर रिसिवर सह खरीदार फिलिप मुर्मू को बेचा था। क्योंकि शहर से चोरी करने के बाद राजकुमार गोस्वामी हर बाइक को फिलिप मुर्मू को पांच हजार में बेच दिया करता था। पुलिस ने जिन चार बाइक को बरामद करने में सफलता पायी है। उसमें हीरो कंपनी की स्पलेंडर प्लस, ग्लैमर शामिल हैं।