हजारीबाग की पूर्व विधायक रानी डे का 85 की उम्र में निधन, बाबूलाल मरांडी समेत इन नेताओं ने जताया शोक

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड के हजारीबाग की पूर्व विधायक रानी डे का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। गुरुवार को रांची में उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 1974 आंदोलन की सिपाही थीं। गुरुवार की शाम 4 बजे रांची में उनका निधन हुआ। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा।

झारखंड के बोकारो जिले के साडम स्थित पैतृक आवास से सुबह 11:00 बजे शवयात्रा निकलेगी। दामोदर नदी तेनुघाट डैम में अंतिम संस्कार किया जाएगा। पिछले कुछ वर्षों से रानी डे कई बीमारियों से पीड़ित थीं। पिछले 10 दिनों से वे रांची के एक स्थानीय अस्पताल में इलाज करा रही थीं, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली।

बताते चलें कि, रानी डे 1977 में हजारीबाग विधानसभा से विधायक चुनी गयी थीं। जनता पार्टी से उन्होंने चुनाव जीता था। वे फिलहाल रांची के मोरहाबादी स्थित न्यू एरिया में रह रही थीं। उनका पैतृक आवास बोकारो जिले के साडम गांव में है। उन्होंने 85 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली।

पूर्व विधायक रानी डे सामाजिक गतिविधियों में काफी सक्रिय रही थीं। वे डॉ राममनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण के साथ जुड़ी रही थीं और उनके साथ काम किया था। वे जॉर्ज फर्नांडीज, मधु लिमये और रामविलास पासवान समेत कई नामचीन हस्तियों के साथ भी जुड़ी रही थीं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हजारीबाग की पूर्व विधायक रानी डे के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि स्व. रानी डे ने आपातकाल में कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। वे आपातकाल में जेल भी गईं। 1977 में वे जनता पार्टी से हजारीबाग की विधायक बनी।

मरांडी ने स्व. डे की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। कहा कि भगवान उनकी आत्मा को चरणों में स्थान दें तथा परिजन को धैर्य एवं साहस प्रदान करें। भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने स्व. डे की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोक प्रकट करने वालों में प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय सहित अन्य शामिल हैं।