लुगु बुरु घंटा बाड़ी धोरोम गाढ़ में डीवीसी के प्रस्तावित हाइडल प्रोजेक्ट के विरोध में उतरा आदिवासी समाज, देखें वीडियो

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बोकारो (झारखंड)। झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के ललपनिया स्थित लुगु बुरु घंटा बाड़ी धोरोम गाढ़ में डीवीसी के प्रस्तावित हाइडल प्रोजेक्ट के विरोध में आदिवासी समाज सड़क पर उतर गया है। समाज ने 5 नवंबर को जनाक्रोश रैली निकाली गई। इसमें झारखंड, बंगाल व ओडिशा से हजारों आदिवासी शामिल हुए। उन्‍होंने प्रोजेक्ट को रद्द करने की मांग की।

जानकारी हो कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से रांची स्थित झारखंड मंत्रालय में लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ के एक प्रतिनिधिमंडल ने 18 अक्‍टूबर को मुलाकात की थी। उन्‍होंने एक ज्ञापन सौंपकर आदिवासी संथालियों के धार्मिक धरोहर लुगू पहाड़ पर दामोदर घाटी निगम लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित LUGU PAHAR HYDEL PUMPED STORAGE PROJECT को निरस्त कराने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री को प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया था कि लुगू पहाड़ आदिवासी संथाली समुदाय का ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध तीर्थस्थल है, जो प्राकृतिक सौन्दर्य, अमूल्य वन संपदा से परिपूर्ण है। यह विश्व स्तरीय धार्मिक आस्था का प्रतीक है। यहां आदिवासियों का पवित्र महाधर्म स्थल का केन्द्र लुगू बाबा गुफा स्थित है, जो लुगू बुरु घाण्टा बाड़ी धोरोम गाढ़ के नाम से पूरे विश्व में प्रसिद्ध है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यहां प्रत्येक अमावस्या एवं कार्तिक पूर्णिमा में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। उन्‍होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आदिवासियों की संस्कृति, रीति-रिवाज, आस्था एवं अटूट विश्वास को मद्देनजर रखते हुए राज्य सरकार दामोदर घाटी निगम लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित LUGU PAHAR HYDEL PUMPED STORAGE PROJECT को रद्द किए जाने के संबंध में पहल करते हुए उचित निर्णय ले।

मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार आदिवासियों की आस्था, परंपरा, संस्कृति और रीति-रिवाज को सदैव अक्षुण्ण रखेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गठन के बाद से ही आदिवासियों के धार्मिक स्थलों को संरक्षित करना हमारी सरकार की प्राथमिकता रही है। आदिवासी संथालियों के धार्मिक धरोहर लुगू पहाड़ को बचाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी भी है। दामोदर घाटी निगम लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित लुगू पहाड़ हैडल पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट के संबंध में राज्य सरकार द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए जन भावना के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर हाल में आदिवासी अस्मिता की रक्षा की जाएगी। आदिवासियों की भावना पर किसी प्रकार का ठेस नहीं पहुंचने देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू पहाड़ हैडल पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट पर विधिसम्मत विचारों उपरांत जन भावना और जनहित में निर्णय लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं। आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।