नहाय खाय के साथ सूर्योपासना का महापर्व छठ का चार दिनी अनुष्ठान आज से शुरू

झारखंड
Spread the love

रांची। शुक्रवार की सुबह से सूर्योपासना का महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। आज घरों में, गंगा तट, तालाब में स्नान के बाद छठ व्रती भगवान सूर्य की आराधना के साथ संकल्प लेंगे। छठ पर्व को लेकर कांके रोड स्थित चांदनी चौक, रातू रोड, अपर बाजार, लालपुर और कोकर में श्रद्धालुओं ने खरीदारी की।

शुक्रवार सुबह स्नान कर छठ व्रती अरवा चावल, चने की दाल व कद्दू, लौकी की सब्जी बनाकर सूर्य भगवान की उपासना के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। छठ व्रत का संकल्प लिया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय महापर्व का शुभारंभ हो जाएगा।

शनिवार सुबह से व्रती उपवास रहकर शाम को खरना (लोहंडा) का प्रसाद ग्रहण करेंगे। कार्तिक माह की तिथियों के अनुसार 17 को नहाय खाय, 18 नवंबर को खरना होगा। खरना के दिन शाम को दूध और गन्ने से खीर, रोटी आदि का विशेष प्रसाद बनाया जाता है।

खरना की शाम छठ व्रती की ओर से प्रसाद ग्रहण और वितरण किया जाता है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। 19 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।

20 नवंबर की सुबह सूर्योदय के समय भगवान सूर्य को अर्घ्य के साथ छह महापर्व संपन्न हो जाएगा। राजधानी रांची में छठ के सामान की खरीदारी गुरुवार से प्रारंभ हो गई। छठ पूजन के लिए दुकानों पर बांस के सूप, छींटा, टोकरी, कोसी, पीतल का सूप, बांस का सूप, दउरा, डगरा, साड़ी, सिंगार का सामान, जनेऊ, गन्ना, नारियल सहित पूजा के हर छोटे-छोटे सामान की खरीदारी शुरू हो चुकी है।