पंच लक्ष्मी महायज्ञ और श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 9 नवंबर से

धर्म/अध्यात्म झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खरौंधा पंचायत के कोरगांईं गांव के विद्यालय प्रांगण में पंच लक्ष्मी महायज्ञ और श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया है। महायज्ञ की तैयारी पूरी कर ली गई है। अयोध्या धाम के आचार्य मधुसूदन दास महाराज के नेतृत्व और अनंत बलवंत श्री हनुमान महाराज की अध्यक्षता में यह आयोजन किया गया है।

महायज्ञ 9 नवंबर, 2023 को शुरू होकर 15 नवंबर, 2023 तक चलेगा। व्यवस्थापक जय गोविंद सिंह और वरिष्ठ कार्यकर्ता शशि कुमार सिन्हा ने बताया कि यज्ञ आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। यज्ञ स्थल पर बिहार के कुशल कारीगरों द्वारा सुंदर मंडप का निर्माण किया गया है। प्रधान कारीगर मंटू साहनी मुजफ्फरपुर, भुलटू साहनी वैशाली, रामजी मिस्त्री मुजफ्फरपुर, छोटू मिस्त्री और अन्य ने इसे बनाया है। इसमें ग्रामीणों ने भी सहयोग किया है।

जनसंपर्क, प्रचार प्रसार एवं खरीदारी का कार्य भी कर लिया गया है। यज्ञ स्‍थल से 9 नवंबर, 2023 को विराट कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें काफी संख्या में श्रद्धालु महिला पुरुष भाग लेंगे। इसके लिए यज्ञाचार्य के नेतृत्व में याज्ञिक पुरोहितों के द्वारा वैदिक मंत्रों से यज्ञ स्थल पर कलशों का संकल्प कराया जाएगा। यहां से बाजा गाजा के साथ हाथों में धर्म ध्वजा लिए श्रद्धालु कलशयात्री देव शक्तियों का जयकारा लगाते कोयल नदी में पहुचेंगे।

कोयल की पवित्र जलधारा में यज्ञाचार्य व पुरोहितों के द्वारा कलशों में जल भरवाया जाएगा। वापस लौटकर कलशों को यज्ञ मंडप में स्थापित किया जाएगा। उसी दिन महायज्ञ के लिए पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश एवं अरणी मंथन किया जाएगा।

10 नवंबर, 2023 की प्रातः काल से हवन यज्ञ प्रारंभ हो जाएगा। दोपहर 1 बजे से प्रतिदिन संध्या 5 बजे तक विशिष्ट विद्वानों के द्वारा प्रवचन प्रस्तुत किया जाएगा। 15 नवंबर को महायज्ञ की महा पूर्णाहुति, भंडारा, साधु संतों एवं विद्वत जनों की विदाई और संध्या काल में विसर्जन किया जाएगा।

महायज्ञ के दौरान स्वामी मधुसूदन दास महाराज द्वारा श्रीमद् भागवत की संगीतमय कथा प्रस्तुत की जाएगी। सुरेंद्राचार्य, वैदिक विद्वान आचार्य जयराम तिवारी एवं 56 आश्रमों के निर्माणकर्ता महात्यागी वेदांती महाराज द्वारा प्रतिदिन प्रवचन प्रस्तुत किया जाएगा। यज्ञ स्‍थल सोननगर गढ़वा रोड रेल खंड के मोहम्मद गंज रेलवे स्टेशन से 10 किलोमीटर और गढ़वा सुंडीपुर सड़क मार्ग पर स्थित है।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं। आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।