बिहार के चिकित्सकों की हड़तालः मरीजों में मचा हाहाकार, जानें कैसे हैं हालात

बिहार देश
Spread the love

पटना। बड़ी खबर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार से आई है, जहां अस्पतालों के चिकित्सक हड़ताल पर हैं। इससे मरीजों में हाहाकार मच गया है। आईएमए की ओर से हड़ताल की घोषणा हुई है। 21 नवंबर को बिहार के चिकित्सक हड़ताल पर हैं।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की बिहार शाखा की ओर से इस संबंध में जानकारी दी गई है। पूर्णिया जिले में डॉक्टर की पिटाई के बाद यह घोषणा की गई है। पूर्णिया में चिकित्सक पर हमला हुआ था। मरीज की मौत के बाद डॉक्टर की पिटाई हुई थी। इसको लेकर ही आईएमए की ओर से विरोध किया जा रहा है।

चिकित्सक की पिटाई के विरोध में इमरजेंसी सेवा को छोड़कर सभी कार्य को ठप करने का फैसला लिया गया है। आईएमए पूर्णिया के प्रेसिडेंट डॉक्टर एके सिन्हा की ओर से बताया गया है कि डॉक्टर राजेश पासवान पर हमले के विरोध में राज्य में हड़ताल की जा रही है। इस घटना से पूरे बिहार के साथ ही देशभर के डॉक्टर मर्माहत हैं।

आईएमए पूर्णिया के प्रेसिडेंट डॉक्टर एके सिन्हा की ओर से यह भी कहा गया है कि 21 नवंबर के बाद पूरे देशभर में भी हड़ताल की जा सकती है। वहीं, डॉक्टर राजेश पासवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। वह, इमरजेंसी में भर्ती हैं। हड़ताल के साथ ही चिकित्सक सरकार से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

चिकित्सकों का कहना है कि इनके साथ पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है। बता दें कि डॉक्टर राजेश पासवान के क्लीनिक में एक मरीज की मौत हो गई थी। इसके बाद मरीज के परिजन आक्रोशित हो गए थे। आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सक पर हमला कर दिया। पीड़ित डॉक्टर का अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज जारी है। वहीं, इस घटना से आक्रोशित चिकित्सक आज हड़ताल पर हैं।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने स्वास्थ्य संस्थानों में आज काम के बहिष्कार का आह्वान किया है। एसोसिएशन का कहना है कि राज्य में ऐसी घटनाएं बार- बार होती हैं। इस कारण ही कार्य को ठप किया गया है। मेडिकल एसोसिएशन ने इस घटना की निंदा की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बिहार चिकित्सीय संस्थान एवं व्यक्ति सुरक्षा नियमावली 2018 के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। यह बिहार चिकित्सीय संस्थान एवं व्यक्ति सुरक्षा कानून 2011 में एपिडेमिक डिजीज कानून 2020 के प्रावधानों को भी अविलंब अंतर्निहित करने की मांग कर रहे हैं।