क्रिकेटर एमएस धोनी से मकान-पैसा दिलाने का लालच देकर बच्चे का किया अगवा और सवा लाख में बेच डाला, जानें पूरा मामला

झारखंड अपराध
Spread the love

रांची। हैरान कर देने वाली खबर राजधानी रांची से सामने आई है। क्रिकेटर एमएस धोनी से मकान और पैसा दिलाने का लालच देकर एक महिला के डेढ़ साल के बच्चे को किडनैप कर उसे सवा लाख रुपए में एक दंपती को बेच डाला गया।

इस घटना में रांची पुलिस ने तीन महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। बेचा गया बच्चा भी बरामद कर लिया गया है। बच्चे का अपहरण रांची के हिनू से बीते 22 अक्टूबर को किया गया था।

रांची के जगन्नाथपुर इलाके की रहने वाली मधु देवी अपने बच्चे के साथ हिनू में खड़ी थी, तभी वहां एक-एक पुरुष और महिला ने आकर उसे बताया कि महेंद्र सिंह धोनी गरीबों के बीच मकान और पैसा बांट रहे हैं।

उनके कहने पर महिला उनके साथ बाइक पर सवार होकर हरमू बिजली ऑफिस के पास पहुंची, जहां उसे बातों में उलझाकर महिला-पुरुष उसका बच्चा लेकर फरार हो गए।

रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने सबसे पहले रांची के मधुकम निवासी विनय वर्मा और सिमडेगा निवासी सलूजा बेगम को पकड़ा। इनसे पूछताछ और जांच में पता चला कि बच्चे को चतरा जिले के इटखोरी के एक निःसंतान दंपती के हाथों बेच दिया गया है।

पुलिस ने एक-एक कर बच्चे की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य आरोपियों रामगढ़ निवासी गीता मुंडा, कृष्णा मिश्रा, रांची के चान्हो निवासी साजिद अंसारी, चतरा के इटखोरी निवासी महेंद्र साव, कुंती देवी और सरिता देवी को गिरफ्तार कर लिया।