Bihar: सैकड़ों की संख्या में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने दिया सामूहिक इस्तीफा, ये रही वजह

बिहार देश
Spread the love

नालंदा। बड़ी खबर बिहार के नालंदा जिले से आ रही है, जहां एक साथ सैकड़ों आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। आइए जानते हैं इसकी बड़ी वजह…   

बता दें कि, चार सूत्री मांगों को लेकर नालंदा जिले की सभी आंगनबाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं एक माह से अधिक समय से हड़ताल पर हैं। हड़ताल पर रहीं जिले की 38 सेविका व तीन सहायिकाओं को सोमवार को चयनमुक्त कर दिया गया।

चयनमुक्त किए जाने की जानकारी मिलते ही जिले की सभी सेविका-सहायिका मंगलवार को आईसीडीएस कार्यालय पहुंच गयीं और सामूहिक रूप से इस्तीफा देकर हंगामा किया। इस दौरान नीतीश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

इस बाबत नालंदा आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ की जिला अध्यक्ष आशा कुमारी ने कहा कि वे चार सूत्री मांगों को लेकर नौ अक्टूबर से हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हम पर दबाव बनाने के लिए हमें नौकरी से निकाल रही है। आज मंगलवार को हम सामूहिक रूप से अपना इस्तीफा देने आये हैं। जब तक सरकार हमारी बात नहीं मानेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इधर डीपीओ ने कहा कि, उनके स्तर से आंगनबाड़ी संघ की जिलाध्यक्ष से हड़ताल खत्म कर काम पर वापस लौटने के संबंध में वार्ता की गयी, लेकिन, हड़ताल से वापस लौटने को वे तैयार नहीं हुईं। इसके पहले सीडीपीओ स्तर से सेविकाओं से केंद्र बंद रखने पर दो बार स्पष्टीकरण किया जा चुका है।