Ranchi: ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए स्पेशल क्यूआरटी टीम का गठन, ऐसे लोगों पर होगी कार्रवाई

झारखंड
Spread the love

रांची। राजधानी रांची में जी का जंजाल बन चुकी यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए स्पेशल क्यूआरटी टीम का गठन किया गया है। रांची पुलिस लाइन से 20 जवानों को स्पेशल क्यूआरटी टीम में शामिल किया गया है।

साथ ही ट्रैफिक पुलिस के पांच पुलिसकर्मी, रांची नगर निगम की टीम, संबंधित थाना प्रभारी और उनकी टीम एवं अनाउंसमेंट टीम को शामिल किया गया है।

सिटी एसपी सह ट्रैफिक एसपी राजकुमार मेहता ने शनिवार को बताया कि राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत पहले सिर्फ ट्रैफिक पुलिस ही ट्रैफिक का काम देखती थी, लेकिन अब संयुक्त रूप से स्पेशल क्यूआरटी टीम का गठन किया गया है।

इसमें ट्रैफिक पुलिस, थाने की पुलिस, नगर निगम की टीम, अनाउंसमेंट टीम और संबंधित थाना प्रभारी को शामिल किया गया है। यह टीम शहर में जाम से लोगों को निजात दिलाने का काम करेगी। ट्रैफिक अभियान के दौरान कोई भी विरोध करता है, तो टीम उसपर भी कार्रवाई करेगी।