Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को झारखंड दौरे पर, जनजातीय समुदाय को देंगे ये सौगात

झारखंड
Spread the love

रांची। इस समय की बड़ी खबर ये आ रही है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को झारखंड दौरे रांची पहुंचेंगे। यहां से वे भगवान बिरसा मुंडा को नमन करने खूंटी के उलिहातू जाएंगे। यहां बता दें कि, उनके आगमन को लेकर अबतक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रधानमंत्री का यह दौरा आनेवाले चुनावों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, PM मोदी इस मौके पर जनजातीय समुदाय के लिए कई योजनाएं भी शुरू करने की घोषणा कर सकते हैं। बताते चलें कि, पिछले वर्ष राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 15 नवंबर को उलिहातू का दौरा किया था। यहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश की थी।

यह भी बता दें कि, प्रधानमंत्री मोदी अपने किसी भी संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा को याद करना नहीं भूलते हैं। बीते कुछ वर्षों से लगातार उनके जन्मदिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसके अलावा 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस भी है, जहां हर साल कई कार्यक्रम आयोजित होते हैं।

इधर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 28 अक्टूबर को रांची आ रहे हैं। जेपी नड्डा झारखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की संकल्प यात्रा के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। हरमू मैदान में संकल्प यात्रा का समापन समारोह प्रस्तावित है। हालांकि, झारखंड बीजेपी का कहना है कि जेपी नड्डा के रांची दौरे का पूरा शेड्यूल अभी नहीं आया है।