Jharkhand को जल्द मिलेगी चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस, इस रूट पर होगा परिचालन, पढ़ें

झारखंड
Spread the love

रांची। खुश हो जाओ झारखंडवासियों। राज्य को जल्द ही चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। रेल मंत्रालय आने वाले दिनों में देश के 25 शहरों से वंदे भारत ट्रेन शुरू करेगा। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने सूची भी जारी की है। इस सूची में टाटा-बनारस वाया रांची वंदे भारत ट्रेन शामिल है।

मिली जानकारी के अनुसार इस रूट पर ट्रेन चलने को लेकर रेलवे की ओर से सर्वे कार्य शुरू किया जायेगा। ट्रेन नवंबर के अंत में या दिसंबर में शुरू करने की योजना है। यह वंदे भारत एक्सप्रेस आठ कोच की होगी। लंबी दूरी की ट्रेनों में स्लीपर कोच देने की भी योजना है।

बता दें कि, झारखंड को अब तक तीन वंदे भारत ट्रेन मिल चुकी है। पहली रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस, दूसरी रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस और तीसरी पटना-हावड़ा वाया जसीडीह वंदे भारत एक्सप्रेस।

रांची-पटना वंदे भारत ट्रेन की शुरूआत इसी साल जून में हुई है। अगस्त तक इस ट्रेन का रूट बदल गया। पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के बाद बरकाकाना से टाटीसिलवे होते हुए रांची तक चलायी जा रही थी। रूट बदलने के बाद से रांची-पटना वंदे भारत ट्रेन बरकाकाना-मुरी के रास्ते चल रही है। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ वीरेंद्र कुमार ने बताया है कि यह व्यवस्था अगले आदेश तक जारी रहेगी।

यहां यह भी बता दें कि अत्याधुनिक सुविधाओं वाली वंदेभारत एक्सप्रेस देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन है। इस ट्रेन में वातानुकूलित चेयरकार हैं। वाई फाई सुविधा से युक्त कोच में आरामदायक यात्रा का पूरा प्रबंध है। बायो-टॉयलेट लगा है। ट्रेन का पायलट रूम किसी हवाई जहाज के कॉकपिट जैसा है। ट्रेन की अधिकतम गति 160 किमी प्रतिघंटा है।