Jharkhand को मिले 39 नए DSP और 14 समादेष्टा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बोले-आप से जनता को काफी उम्मीद

झारखंड
Spread the love

हजारीबाग। झारखंड के लिए आज का दिन मंगलवार ऐतिहासिक रहा। हजारीबाग स्थित झारखंड पुलिस एकेडमी में7वीं से10वीं बैच के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) और समादेष्टा का दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ झारखंड पुलिस एकेडमी हजारीबाग से प्रशिक्षित कुल 39 पुलिस उपाधीक्षक और 14 समादेष्टा देश और जनसेवा में समर्पित हो गए।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रदेश के महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार सिंह और मुख्य सचिव सुखदेव सिंह शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए बड़ी संख्या नए पुलिस अधिकारियों के परिजन और स्थानीय लोग पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोगों की सेवा आम नागरिकों को समर्पित होगा और आप सभी को मालूम है झारखंड देश के अत्यंत पिछड़े राज्यों में से एक है। यहां के लोग बहुत सीधे और सरल हैं। यहां गरीब, मजदूर वर्ग के लोगों की संख्या बहुतायत है। कई लोग अपनी परेशानियों के साथ आपके समक्ष खड़े होंगे। मुझे उम्मीद है कि राज्य की जनता को आप निराश नहीं होने देंगे।

वहीं प्रशिक्षु समादेष्टा चारो उरांव ने कहा कि यह काफी भावुक करने वाला क्षण है। अब एक कठिन ट्रेनिंग के बाद हमलोग देश की सेवा में जा रहे हैं। यहां तक पहुंचने में काफी कठिनाई भी आयी। एक गरीब परिवार से आकार बेहद कम संसाधनों के साथ इस सपने की तैयारी की थी। इससे परिवार में बेहद खुशी का माहौल है।