रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए हेमन्त सोरेन, न्याय की जीत का दिया संदेश

धर्म/अध्यात्म झारखंड
Spread the love

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन विजयादशमी के अवसर पर पंजाबी-हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी द्वारा मोरहाबादी मैदान और श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति अरगोड़ा की ओर से मंडा मैदान, अरगोड़ा में आयोजित ‘रावण दहन’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में पहले लंका दहन और कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतले फूंके गए। मौके पर मुख्यमंत्री ने रावण का पुतला फूंककर असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की जीत का संदेश दिया।

असत्य पर सत्य की जीत होती रहे

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरहाबादी मैदान में पंजाबी- हिन्दू बिरादरी दशहरा कमेटी द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य “रावण दहन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम का साक्षी बनने इतनी बड़ी संख्या में लोगों का समूह उपस्थित है। मैं सभी को दशहरे की बधाई और शुभकामना देता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष “रावण दहन” कार्यक्रम में हम लोग यहां मिलते रहे हैं, इसी उम्मीद और आशा के साथ कि सदियों से चली आ रही असत्य पर सत्य की विजय की परंपरा आगे भी सदियों तक बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे देश में “रावण दहन” कार्यक्रम को लेकर उत्साह और उमंग देखा जा रहा है। मैं माता रानी से कामना करता हूं कि दशहरा का त्योहार सभी के जीवन में सुख, शांति और खुशियां लेकर आए।

शानदार अतिशबाजी की गई

इस अवसर पर शानदार अतिशबाजी की गई। वहीं लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मौके पर कलाकार मंडली द्वारा रामदरबार दर्शन की प्रस्तुति की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान राम, लक्ष्मण एवं सीता माता का रूप धारण किए कलाकारों का तिलक-चंदन लगाकर अभिनंदन किया।

सांसद सहित ये भी थे मौजूद

इस अवसर पर रांची सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, पंजाबी- हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी के अध्यक्ष सुधीर उग्गल, महासचिव राजेश मेहरा, प्रवक्ता-सह-मीडिया प्रभारी अरुण चावला, अध्यक्ष दशहरा कमेटी 2023 रंदीप आनंद, सचिव कुणाल अजमानी सहित अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

अरगोड़ा के मंडा मैदान में कार्यक्रम

अरगोड़ा मंडा मैदान में आयोजित रावण एवं लंका दहन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि माता रानी के आशीर्वाद से पूरे राज्य में दशहरे का त्योहार पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। आज हम सभी हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अरगोड़ा स्थित मंडा मैदान में “रावण दहन” कार्यक्रम को लेकर एकत्रित हुए हैं। इस अवसर पर अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में लंका दहन और कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतले फूंके गए। मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रावण का पुतला फूंका।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

इस अवसर पर राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) विनोद पांडेय, रांची सांसद संजय सेठ, विधायक हटिया नवीन जयसवाल, पूर्व मेयर श्रीमती आशा लकड़ा, पूर्व डिप्‍टी मेयर अजय नाथ शाहदेव के अलावा दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति अरगोड़ा के अध्यक्ष पंकज साहू, जय प्रसाद साहू, कंचन कुमार साहू, संजय साहू, पंचू साहू, चंदन साहू, गुड्डू साहू, रवि साहू, प्रकाश साहू, शिव प्रसाद साहू, शशि कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

अन्‍य खबरें भी यहां पढ़े

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं। आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।