
लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के कुड़ू – लोहरदगा मुख्य पथ पर हाताटोली मोड़ के समीप शुक्रवार को रांची से लोहरदगा लौटने के क्रम में उपायुक्त डॉ बाघमारे प्रसाद कृष्ण की पत्नी और एक जवान सड़क हादसे में घायल हो गए।
दोनों का इलाज कुड़ू सीएचसी में कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना के बाद उपायुक्त डॉ बाघमारे प्रसाद कृष्ण, एसपी हरिश बिन जमां, एसडीओ अरबिंद कुमार लाल, पुलिस निरीक्षक मंटू कुमार, अनिल उरांव, बीडीओ मनोरंजन कुमार और सीओ प्रवीण कुमार सिंह कुड़ू सीएचसी पहुंचे। यहां से प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार उपायुक्त डॉ बाघमारे प्रसाद कृष्ण की पत्नी प्रियंका बाघमारे अपने पुत्र के साथ रांची से लोहरदगा लौट रही थीं। इसी बीच कुड़ू थाना से दो किलोमीटर दूर हाताटोली मोड़ के समीप ऑटो को बचाने के क्रम में उपायुक्त डॉ बाघमारे प्रसाद कृष्ण की पत्नी की गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरायी। इस घटना में उपायुक्त की पत्नी और जवान तारकेश्वर विधा घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।