वैश्विक विकास के हर चरण में इंजीनियरों का प्रयास अग्रणी : आरपी सिंह

झारखंड
Spread the love

  • कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय में इंजीनियर्स दिवस समारोह का आयोजन

रांची। वैश्विक विकास के हर चरण में एक इंजीनियर का प्रयास अग्रणी रहा है। इंजीनियरिंग व्यवसाय पूरे विश्व में तेजी से विकसित हो रहा है। लोगों द्वारा उपयोग की जाने वाली सभी आधुनिकतम वस्तुओं की तकनीकी एक इंजीनियर के कठिन श्रम का फल है। उक्त बातें बतौर मुख्य अतिथि कृषि विभाग के झारखंड कृषि मशीनरी ट्रेनिंग एवं टेस्टिंग संस्थान के कार्यपालक निदेशक आरपी सिंह ने कही। वे बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय में 15 सितंबर को आयोजित इंजीनियर्स दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।

कार्यपालक निदेशक ने कहा कि अगले 25 वर्षो में देश की बड़ी आबादी की खाद्यान सुरक्षा के लिए कृषि कार्यो में यांत्रिकीकरण की विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे कृषि कार्य में बोआई से कटाई की लागत में कमी, उत्पादन को बढ़ावा और कृषि को लाभकारी बनाने पर बल दिया जा रहा है। इसे देखते हुए कृषि अभियांत्रिकी से जुड़े छात्रों के लिए यंत्रीकरण में गहरी रूचि एवं अद्यतन ज्ञान के साथ कृषि एवं बागवानी के मौलिक विषयों से सबंधित अद्यतन जानकारी का होना जरूरी है।

मौके पर एसोसिएट डीन ई डीके रूसिया ने 15 सितंबर को इंजीनियर दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत के महान इंजीनियर एम विश्वेश्वरैया को सम्मानित करने के लिए हर वर्ष इस दिन राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस मनाया जाता है। वास्तव में एक इंजीनियर समाज की समस्याओं का बेहद महत्वपूर्ण समाधानकर्ता है। मौके पर यूनिवर्सिटी एनएसएस को-ऑर्डिनेटर डॉ बीके झा ने भी अपने विचार रखें।

इस अवसर पर समारोह में मौजूद अतिथि, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने महान इंजीनियर एम विश्वेश्वरैया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समारोह में विद्यार्थियों ने इंजीनियर दिवस पर भाषण, कविता एवं गायन प्रस्तुत किया।

मौके पर पर्यावरण दिवस पर आयोजित 5 प्रतियोगिता के विजयी छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के सौजन्य से किया गया। स्वागत डॉ उत्तम कुमार और धन्यवाद डॉ एसके पांडे ने किया। मौके पर डॉ मिंटू जॉब, डॉ प्रमोद राय, डॉ छाया, डॉ वंदना सहित अनेकों शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।

आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, ट्वि‍टर सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।