टाटा स्टील माइनिंग ने जनजातीय संस्कृति की लगाई जीवंत प्रदर्शनी

अन्य राज्य देश
Spread the love

भुवनेश्वर। टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से टाटा स्टील माइनिंग ने अपनी सुकिंदा क्रोमाइट माइन में विश्व आदिवासी दिवस मनाया। कंपनी ने पारंपरिक जनजातीय सांस्कृतिक विरासत के उत्सव में आदिवासी कलाकृतियों, आदिवासी रसोई के बर्तनों, संगीत वाद्ययंत्रों, कृषि उपकरणों, पोशाकों और आभूषणों पर प्रकाश डालते हुए एक मनोरम प्रदर्शनी का आयोजन किया।

इस कार्यक्रम में हो, संथाल, मुंडा, भूमिज जैसे आदिवासी समुदायों और जुआंग और मैनकिडिया जैसे पीवीटीजी ने भाग लिया। आगंतुकों को आकर्षक कहानियों से मंत्रमुग्ध कर दिया, जो विभिन्न आदिवासी समूहों के अद्वितीय रीति-रिवाजों और परम्पराओं के बारे में बताती हैं।

इस कार्यक्रम में ओडिशा सरकार के ग्रामीण विकास, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा मंत्री प्रीतिरंजन घराई शामिल हुए। उन्‍होंने कहा, ‘इस विशेष अवसर पर यहां आना मेरे लिए खुशी की बात है। मैं जनजातीय विरासत के विभिन्न पहलुओं का जश्न मनाने के लिए इतना सुंदर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए टीम के सभी सदस्यों को धन्यवाद देता हूं।’

कार्यक्रम में सभा को संबोधित करते हुए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के राज्य समन्वयक परमानंद पटेल ने एससी एवं एसटी समुदायों के अधिकारों पर प्रकाश डाला। समुदायों के लिए सरकार द्वारा लागू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

टाटा स्टील माइनिंग के प्रबंध निदेशक पंकज सतीजा ने कहा, ‘हमने हमेशा विविधता पूर्ण आदिवासी विरासत और संस्कृति की रक्षा करने और उसका जश्न मनाने और आदिवासी जीवन शैली के प्रति सम्मान को बढ़ावा देने का प्रयास किया है। यह आदिवासी और जनजातीय भोजन, औषधीय विधियों, संगीत, विरासत आदि को बढ़ावा देने की पहल की एक श्रृंखला का हिस्सा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि समृद्ध परंपरा भविष्य की पीढ़ियों के लिए संरक्षित रहे। हम अपनी विभिन्न पहलों के माध्यम से आदिवासी समुदायों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

पारंपरिक जनजातीय उपचार शैली, जनजातीय संगीत और संगीत वाद्ययंत्र, प्रामाणिक जनजातीय खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने और जैव विविधता पर आदिवासी समुदाय की कहानियों का दस्तावेजीकरण करने के अपने प्रयास में, टाटा स्टील माइनिंग ने अतीत में ग्रीन थेरेपी, सरजोम बा, प्रजातीय खाद्योत्सव, जैबा कला विविधता, स्नैक्स आर फ्रेंड्स जैसे कई कार्यक्रमों और जैव विविधता पर अनोखी कहानी मंचन सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया है। कंपनी वर्तमान में जैव विविधता पर आदिवासी समुदाय की कहानियों का दस्तावेजीकरण कर रही है।