एचईसी को बचाने का संघर्ष तेज करेंगे वामदल

झारखंड
Spread the love

  • कंपनी को बचाने की मांग पर होगा राजभवन मार्च

रांची। वामदलों ने झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा में स्थित प्रतिष्ठित भारी अभियंत्रण निगम (एचईसी) को बचाने के लिए आंदोलन को तेज किए जाने का निर्णय लिया है। माकपा राज्य कार्यालय में 31 अगस्‍त को आयोजित वामदलों की संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता हलधर महतो ने की।

केंद्रीय भारी अभियंत्रण उद्योग मंत्रालय के मंत्री द्वारा एचईसी के बारे में यह कहना कि केंद्र कोई सहायता नहीं करेगी, बल्कि एचईसी को स्वयं पूंजी जुटाने का काम करना होगा। वामदलों ने केंद्रीय मंत्री के इस की कड़ी निंदा की है। वामदलों ने कहा कि मिशन चंद्रयान-3 की सफल लांचिंग में एचईसी के मजदूरों और इंजीनियरों की भी बड़ी भूमिका है। उन्हें बधाई देने के बजाय केंद्रीय मंत्री ने  नासमझी भरा एक और बयान दे दिया कि चंद्रयान की लांचिंग में एचईसी की कोई भूमिका नही है।

वामदलों ने एचईसी को बचाने के लिए सभी राजनीतिक पार्टी, जन संगठन, सिविल सोसाइटी और ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों को लेकर ‘एचईसी बचाओ मोर्चा’ का गठन करने का निर्णय लिया है। इस मोर्चे के बैनर तले हटिया और रांची के नागरिकों का एक जन कंवेंशन आयोजित कर राजभवन पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। एचईसी को बचाने की मांग राज्यपाल के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

वामदलों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की है कि इस राष्ट्रीय धरोहर को बचाने के लिए वे आगे आएं। इस कारखाना का अधिग्रहण कर इसे राज्य के स्वामित्व वाले सार्वजनिक राजकीय उद्यम के रूप में चलाए। इसके लिए राज्य सरकार यदि चाहे तो किसी वस्तु पर अतिरिक्त टैक्स लगाकर एचईसी को तत्काल कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराए।

वामदलों ने कहा कि एचईसी की अतिरिक्त जमीन पर केंद्र सरकार का भारी अभियंत्रण मंत्रालय कब्जा जमाए बैठा है। राज्य सरकार को इनसे बात कर  एचईसी की कुछ अतिरिक्त जमीन को लंबी अवधि की लीज पर केंद्रीय प्रतिष्ठानों को देना चाहिए, ताकि एकमुश्त राशि मिल सके। इस पैसे से एचईसी के प्लांट के आधुनिकीकरण का काम पूरा हो सकता है। वामदलों ने केंद्रीय भारी अभियंत्रण मंत्रालय से मांग की है कि मजदूर और अधिकारियों के बकाए वेतन का भुगतान अविलंब करे।

बैठक में सीपीएम के प्रकाश विप्लव, समीर दास, प्रफुल्ल लिंडा, अमल आजाद, सीपीआई के महेंद्र पाठक, पीके पांडे, अजय सिंह, भाकपा माले के मनोज भक्त, विनोद आहरी, मासस के हलधर महतो और सुशांतो मुखर्जी के अलावा एटक के राज्य महासचिव अशोक यादव, हटिया कामगार यूनियन के लालदेव सिंह और सीटू के कार्यकारी अध्यक्ष भवन सिंह शामिल थे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।

आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, ट्वि‍टर सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।