Jharkhand: रामगढ़ में गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या, दो घायल, जमीन विवाद से जुड़ा है मामला

झारखंड अपराध देश
Spread the love

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले के कुज्जू ओपी क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मामले की पुष्टि करते हुए रामगढ़ एसपी पीयूष पांडे ने बताया कि कुज्जू ओपी क्षेत्र के दिग्वार क्षेत्र में भूमि विवाद में दो गुटों में झड़प हो गई। एक गुट के लोग हथियार से लैस होकर वहां पहुंचे थे। उन लोगों ने वहां फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में पोचरा के जानकी यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

उनके साथ मौजूद पवन यादव और संतोष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। पवन यादव के मुंह में गोली लगी है, जिसका इलाज रांची रोड के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटनास्थल पर ही ग्रामीणों ने फायरिंग कर भाग रहे अपराधियों को दबोच लिया, जिसे पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

गिरफ्तार किए गए अपराधी रंजन गिरि ने ही गोली चलाई थी। पुलिस के अनुसार रंजन गिरि पिस्टल लेकर जमीन पर पहुंचा था। जैसे ही विवाद शुरू हुआ, उसने पिस्तौल निकाली और फायरिंग शुरू कर दी। घटनास्थल पर मौजूद पिंटू ने उसकी पिस्टल ऊपर कर दी, जिसकी वजह से कई लोगों की जान बच गई।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कई गाड़ियां और हथियार जब्त किए हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने भूमि विवाद में गोली चलाने वाले पक्ष की गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। एसपी ने बताया कि गाड़ियों के मालिक और भूमि विवाद में गोली चलाने वाले पक्षकारों के नामों का सत्यापन किया जा रहा है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।