आजसू पार्टी का केंद्रीय कार्यकर्ता मुखिया से मांग रहा रंगदारी, एसपी से शिकायत

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। आजसू पार्टी का केंद्रीय कार्यकर्ता राजू गुप्ता लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड की सभी पंचायत के मुखिया से रंगदारी मांग रहा है। उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर रहा है। यह आरोप मुखिया संघ के अध्‍यक्ष वासुदेव उरांव ने लगाया। इसकी शिकायत एसपी से की है।

शिकायत में वासुदेव उरांव ने कहा है कि राजू गुप्ता किस्‍को थाना के ग्राम तिसिया का रहने वाला है। वह लोहरदगा जिले के आजसू पार्टी का केंद्रीय कार्यकर्ता है। उनसे पूर्व में किस्को प्रखंड की सभी पंचायत के मुखिया पर पंचायतों के सभागार कक्ष के लिए टेबल, कुर्सी और जरूरत के अन्य समानों की खरीदारी में अनियमितता एवं सरकारी पैसा का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था।

इसके बाद सभी मुखियाओं से रंगदारी पूर्वक पैसों की मांग की गई। पैसा देने से इनकार करने पर गाली गलौज एवं जातिसूचक शब्द का बार-बार प्रयोग कि‍या जा रहा है। सभी मुखियाओं को जेल भेजने की धमकी दे रहा है। इसके माध्‍यम से सभी मुखिया की छवि खराब करने का प्रयास किया गया है।

शिकायत पत्र में कहा गया है कि हम मुखियाओं को आदिवासी समझ कर मानसिक रूप से प्रताड़ि‍त या छवि को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। इस तरह के व्यवहार से जिला के सभी मुखिया आकोशित और मानसिक रूप से आहत हैं। इसकी जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। राजू गुप्‍ता ने आरोप को गलत बताया है।