Ranchi: गोली लगने से घायल ATS डीएसपी और दारोगा को देखने मेडिका पहुंचे DGP

झारखंड
Spread the love

रांची। सोमवार की रात कुख्यात अपराधी अमन साहू के गुर्गे की गोली से घायल ATS डीएसपी और दारोगा अब खतरे से बाहर हैं। DGP अजय कुमार समेत कई आला अधिकारी मेडिका अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारियों की स्थिति की जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार रांची से रामगढ़ पहुंची एटीएस की टीम पर रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र स्थित तेरपा में सोमवार की शाम अचानक अमन साहू के गुर्गे ने फायरिंग कर दी। इसमें एटीएस के डीएसपी नीरज कुमार और एक दारोगा सोनू साव बुरी तरह घायल हो गए।

अमन साहू के गुर्गों ने डीएसपी नीरज कुमार के पेट में, जबकि दारोगा सोनू साव की जांघ में गोली मारी। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायल दोनों अधिकारियों को रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इधर ट्रैफिक पुलिस को पहले से अलर्ट कर दिया गया था। ट्रैफिक पुलिस की टीम कांके रोड के चांदनी चौक से घायल डीएसपी को एस्कार्ट करते हुए मेडिका पहुंचायी। अस्पताल के चिकित्साकर्मी भी पहले से तैयार थे। घायल के आने के साथ ही उन्हें ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया। वहीं, कुछ देर के बाद घायल सब इंस्पेक्टर को भी लाया गया, जहां दोनों अधिकारियों का इलाज चल रहा है।

मौके पर डीजीपी,  होम सेक्रेटरी अविनाश कुमार, एडीजे अभियान संजय आनंद लाठकर, आईजी पंकज कम्बोज, आईजी अखिलेश झा, एसएसपी किशोर कौशल, एटीएस एसपी सुरेन्द्र झा मौजूद थे।