कोलकाता। शनिवार को पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान दिनभर हिंसा का दौर जारी रहा। शुक्रवार शाम से शनिवार शाम तक 24 घंटे में 20 लोगों की जान गई।
शनिवार को 18 की मौत हुई। रविवार को दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। अभी भी राज्य के विभिन्न इलाकों से हत्या की खबरें आ रही हैं। 50 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। मरने वाले सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता बताए गए हैं।
कल चुनाव के दौरान मतपेटियों में तोड़फोड़ की गई और कई गांवों में बम फेंके गए। हिंसा की ये वारदातें मुर्शिदाबाद, कूचबिहार, पूर्वी बर्दवान, मालदा, नादिया, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में हुई हैं।
बता दें कि सीएम ममता बनर्जी TMC कार्यकर्ताओं को ही सुरक्षा नहीं दे पाईं। क्योंकि मरने वालों में सबसे ज्यादा उनकी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। मरने वालों में सबसे ज्यादा 12 कार्यकर्ता सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस के हैं। इसके अलावा बीजेपी के 3, कांग्रेस के 3 और सीपीआईएम के 2 कार्यकर्ताओं की जान गई है। विपक्षी पार्टियों ने 30 से ज्यादा लोगों के मरने की आशंका जताई है।