- खादगढ़ा बस स्टैंड को विकसित कर प्रस्तावित आईएसबीटी से होगा लिंक
- ट्रांसपोर्ट नगर में चालक और अन्य कर्मचरियों की सुविधा बढ़ाने के निर्देश
रांची। मुख्यमंत्री के सचिव सह नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे ने कहा है की ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण हो जाने से राजधानी रांची जाममुक्त होगी। प्रदूषण पर नियंत्रण लगेगा। पर्यावरण की सुरक्षा होगी। चौबे ने उक्त बातें सुकरहूटू में बन रहे ट्रांसपोर्ट नगर का 4 जुलाई को निरीक्षण के बाद कहीं।
आईएसबीटी के निर्माण की प्रक्रिया शुरू
चौबे ने बताया की रिंग रोड के निकट ही लोक जन सहभागिता (पीपीपी) मोड पर अंतरराज्जीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जुडको द्वारा टेंडर आमंत्रित किया गया है। खादगढ़ा बस स्टैंड को पुनर्विकसित किया जायेगा। आईएसबीटी से खादगढ़ा बस स्टैंड को सिटी बस के माध्यम से जोड़ा जायेगा। दोनों बस अड्डों के बीच सिटी बसें चलेंगी। सिटी बसों के परिचालन के लिए एक दो दिनों में टेंडर निकाला जायेगा।
16 कमर्शियल ऑफिस का निर्माण
सचिव ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में जितनी छोटी बड़ी ट्रकों के पड़ाव की व्यवस्था है, उसी के अनुरूप रात्रि विश्राम की डोरमेट्री का भी इंतजाम किया जाये। वर्तमान में 180 बेड वाली डोरमेट्री का प्रावधान किया गया है। प्रथम चरण में 424 वाहनों के पड़ाव की व्यवस्था है। वर्तमान में 16 कमर्शियल ऑफिस का निर्माण किया जा रहा है। उसकी भी संख्या बढ़ाई जाये।
जवाब नहीं मिलने पर सचिव नाराज
सचिव ने परामर्शी एजेंसी आईडेक के प्रतिनिधि द्वारा सवालों का समुचित जवाब नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई। निर्माण की प्रगति पर संतुष्टि भी दिखाई। ट्रांसपोर्ट नगर में बन रहे इको फ्रेंडली गैवियन पर प्रसन्नता जाहिर की। सचिव ने काम को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये।
निरीक्षण में ये अधिकारी भी मौजूद
इस अवसर पर जुडको के परियोजना निदेशक (तकनीकी) गोपालजी, परियोजना निदेशक (प्रशासन) अरविन्द कुमार मिश्र, परियोजना प्रबंधक शितान्शु वैभव, उप परियोजना प्रबंधक ऋजु श्रीवास्तव और सहायक परियोजना प्रबंधक देवेश भी मौजूद थे।