आर्मी जवान ने की हैवानियत की सारी हदें पारः पत्नी और अपने दुधमुंहे बेटे को जिंदा जलाया

बिहार अपराध देश
Spread the love

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से हैवानियत की सारी हदें पार कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां भारतीय सेना के एक जवान ने अपनी पत्नी और दुधमुंहे बेटे को जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार दिया। वहीं, इस घटना के बाद इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगरनाथ गांव की है। मृतकों की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ा जगन्नाथ निवासी हिमांशु कुमार की पत्नी सोनल प्रिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सेना का आरोपी जवान हिमांशु कुमार राजस्थान के जोधपुर में तैनात है।

आरोपी जवान का किसी महिला के साथ अवैध संबंध था। वहीं, बीते मंगलवार को वह छुट्टी पर घर आया हुआ था और उसने बुधवार को अपनी गर्लफ्रेंड को घर पर बुला लिया। जब पत्नी ने इसका विरोध किया, तो गुस्साए जवान ने पत्नी और 2 महीने के बेटे को जिंदा जला दिया, जिससे पत्नी और दुधमुंहे बच्चे की मौत हो गई।

इस मामले में मृतक महिला के भाई ने बताया कि उसकी बहन सोनल प्रिया और हिमांशु कुमार की शादी 2013 में हुई थी। जब उनकी शादी हुई, तब हिमांशु बेरोजगार था, लेकिन शादी के बाद वह आर्मी में भर्ती हो गया।

भाई ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनके बहनोई हिमांशु कुमार का मुजफ्फरपुर के एक बैंक में काम करने वाली लड़की के साथ काफी दिनों से अवैध संबंध चल रहा था। जिसका विरोध उसकी बहन किया करती थी और बुधवार की देर शाम हिमांशु और उसके परिवार वालों ने मिलकर मेरी बहन और उसके बच्चे को जिंदा जला दिया। पत्नी और एक बच्चे की हत्या करने के बाद हिमांशु मौके से फरार हो गया है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद मृतक महिला के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया है।